सोशल संवाद / जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है विकसित भारत का रास्ता आत्मानिर्भर भारत से होकर जाता है और यदि हमें आत्मनिर्भर बनना है तो स्वदेशी का निरंतर उपयोग करना होगा, अधिक से अधिक लोगो को स्वदेशी के लिए प्रेरित करना होगा और 2047 के विकसित भारत के संकल्प पूर्ति में अपने हिस्से का योगदान देना होगा। उपरोक्त बातें हटिया के विधायक नवीन जायसवाल ने कही।

यह भी पढे : बागबेड़ा कॉलोनी दुर्गा पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन, “इंद्रलोक” थीम बना आकर्षण का केंद्र
वे शुक्रवार को सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत विषय पर आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन को बतौर मुख्यवक्ता संबोधित कर रहे थे। जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में बिस्टुपुर स्थित तुलसी भवन में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत बरण महतो, कार्यक्रम संयोजक जटाशंकर पांडेय, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश शुक्ल, शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ राजीव समेत अन्य नेतागण मुख्यरूप से शामिल हुए।
प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार योजनाबद्ध तरीके से विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं। हमारे देश में सबसे अधिक आबादी युवा की है और देश को विकसित बनाने में सबसे बड़ी भूमिका हमारे युवाओं की ही होगी। देश आत्मनिर्भर तब बनेगा जब हमारा भारत सशक्त भारत स्वाभिमानी भारत, समृद्धशाली भारत, दुनिया का नेतृत्व करने वाला भारत और आधुनिकता के साथ अपनी विरासत को संजोकर आगे बढ़ेगा।

विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने 2019 में ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को देशवासियों से अपनाने का आह्वान किया था, जिसका ही परिणाम है कि खादी की बिक्री अब 1 लाख 70 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जबकि यूपीए सरकार के समय यह मात्र 31 हजार करोड़ रुपये थी। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर “मेक इन इंडिया” के मंत्र के अंतर्गत 2014 में मोबाइल की केवल दो कंपनियां हुआ करती थीं, जो आज बढ़कर 300 फैक्ट्रियों तक पहुँच गई हैं और देश के 99.2% मोबाइल अब मेड इन इंडिया हैं। यूपीए सरकार के दौरान मोबाइल का निर्यात केवल 15,000 करोड़ रुपये का था, जबकि आज यह बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये हो चुका है।
इसी प्रकार खिलौनों के आयात में 52% की कमी आई है और ऑटोमोबाइल निर्माण में ट्रैक्टर का उत्पादन विश्व में पहले स्थान पर है। निर्माण क्षेत्र के ऐसे अनेक क्षेत्रों में भारत का निर्यात बढ़ा है। कहा कि मेक इन इंडिया का संकल्प और मंत्र देशवासियों ने अपनाया है और उसी का परिणाम है कि अब भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है एवं तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। भारत पिछले चार वर्षों से विश्व की सबसे तेज गति से प्रगति करने वाली अर्थव्यवस्था रहा है।

वहीं, सांसद विद्युत बरण महतो ने कहा कि स्वदेशी का अर्थ है अपने देश में बने सामान को अपनाना और उसका उपयोग करना। हम किसी वस्तु का बहिष्कार नहीं कर रहे हैं, बल्कि यह कह रहे हैं कि भारतीय उत्पाद और भारतीय कौशल को प्राथमिकता दी जाए। अर्थात उन वस्तुओं को अपनाया जाए जो भारत में बने हैं, जहां हमारे स्थानीय लोगों की मेहनत और मिट्टी की सुगंध शामिल है। इसे अपनाने की विचारधारा हमें आर्थिक आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक गौरव की ओर ले जाती है। कहा कि राष्ट्र निर्माण में हम सभी का योगदान होना होगा और इस दिशा में हमें स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देनी होगी। जब हम स्वदेशी उत्पाद खरीदेंगे तो न केवल भारत का उपभोग बढ़ेगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी अधिकतम लोगों तक पहुंचेंगे और एमएसएमई सेक्टर को भी व्यापक प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने आगामी पर्व त्यौहार में स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की।
प्रबुद्धजन सम्मेलन में विषय प्रवेश कार्यक्रम संयोजक जटाशंकर पांडेय, मंच संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी एवं धन्यवाद ज्ञापन विकास जायसवाल ने किया। इस दौरान जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, कार्यक्रम संयोजक जटाशंकर पांडेय, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीरज सिंह, विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश शुक्ल, शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ राजीव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, जिला उपाध्यक्ष राजीव सिंह, जिला महामंत्री अनिल मोदी, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, नीतीश कुशवाहा, उज्ज्वल सिंह, अमित कुमार, संजय तिवारी, बिनोद राय, प्रशांत पोद्दार, आनंद कुमार, बजरंगी पांडेय, रामप्रसाद जायसवाल, कृष्णकांत राय समेत अन्य मौजूद रहे।










