सोशल संवाद / डेस्क : कई लोगों को लगता है कि सिगरेट पीने से शरीर को नुकसान कई सालों तक धूम्रपान करने के बाद ही शुरू होता है। लेकिन विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसा नहीं है। सिगरेट के धुएं के संपर्क में आने के बाद शरीर में नुकसान की प्रक्रिया तुरंत शुरू हो सकती है, भले ही शुरुआत में इसके लक्षण महसूस न हों।
यह भी पढे : Gallbladder Stones: पित्त की थैली में कैसे बनती है पथरी? जानें कारण, लक्षण और इलाज
पहली सिगरेट से ही शरीर में क्या होता है?
पल्मोनोलॉजिस्ट डॉ. समीर गार्डे के अनुसार, सिगरेट का धुआं फेफड़ों के साथ-साथ दिल और रक्त वाहिकाओं को भी प्रभावित करता है। शुरुआती स्तर पर हार्ट रेट और ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। वहीं, फेफड़ों में जलन और सूजन जैसी समस्या भी शुरू हो सकती है।
लक्षण न दिखें तो भी नुकसान संभव
अगर किसी व्यक्ति को तुरंत खांसी, सांस फूलना या सीने में परेशानी महसूस नहीं हो रही है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि धूम्रपान शरीर के लिए सुरक्षित है। तंबाकू के धुएं से शरीर के अंदर ऐसे बदलाव हो सकते हैं, जिनका पता शुरुआत में आसानी से नहीं चलता। CDC के अनुसार तंबाकू के धुएं से होने वाला नुकसान तुरंत शुरू हो सकता है।
धूम्रपान के शुरुआती संकेत क्या हैं?
लगातार धूम्रपान करने वालों में समय के साथ कुछ संकेत दिखाई दे सकते हैं, जैसे:
- लगातार खांसी
- सीढ़ियां चढ़ते समय सांस फूलना
- जल्दी थकान महसूस होना
- स्टैमिना कम होना
- बार-बार सीने में संक्रमण
- गले में जलन
- सामान्य फिटनेस वापस पाने में अधिक समय लगना
आराम की स्थिति में सीने में दर्द या सांस लेने में परेशानी हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
क्या दिन में एक सिगरेट पीना सुरक्षित है?
नहीं। विशेषज्ञों के मुताबिक धूम्रपान की कोई ऐसी मात्रा तय नहीं है जिसे पूरी तरह सुरक्षित माना जाए। दिन में केवल एक सिगरेट या कभी-कभार की गई ‘सोशल स्मोकिंग’ भी शरीर को तंबाकू के हानिकारक रसायनों के संपर्क में लाती है।
सिगरेट छोड़ने के बाद शरीर में सुधार शुरू
धूम्रपान छोड़ते ही शरीर रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर देता है। CDC के अनुसार, आखिरी सिगरेट के करीब 20 मिनट बाद ही शरीर में सकारात्मक बदलाव शुरू हो सकते हैं। समय के साथ हार्ट अटैक, स्ट्रोक और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का जोखिम कम होता जाता है।
इसलिए धूम्रपान छोड़ने की कोई ‘सही उम्र’ का इंतजार नहीं करना चाहिए। जितनी जल्दी सिगरेट छोड़ी जाए, स्वास्थ्य के लिए उतना बेहतर है।









