सोशल संवाद / डेस्क : अगर आपके नाम पर कई मोबाइल नंबर चल रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दूरसंचार विभाग यानी DoT ने मोबाइल कनेक्शन की संख्या को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। नए निर्देशों के तहत एक व्यक्ति अपने नाम पर देशभर में अधिकतम 9 मोबाइल कनेक्शन रख सकता है। वहीं जम्मू-कश्मीर, असम और नॉर्थ-ईस्ट के लाइसेंस्ड सर्विस एरिया में यह सीमा 6 मोबाइल कनेक्शन है।

यह भी पढे : Google ने Spirit Airlines का डेटा $10 मिलियन में खरीदा, AI को और ताकत देने की तैयारी; कंपनी ने दी सफाई
9 SIM के बाद नहीं मिलेगा नया कनेक्शन
DoT के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति के नाम पर पहले से तय सीमा तक मोबाइल नंबर एक्टिव हैं, तो वह नया मोबाइल कनेक्शन नहीं ले सकेगा। अगर किसी तकनीकी वजह से तय सीमा से ज्यादा कनेक्शन एक्टिवेट हो जाता है, तो अतिरिक्त कनेक्शन को सस्पेंड किया जा सकता है।
नए निर्देशों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे ग्राहकों की पहचान करने के लिए Digital Intelligence Platform यानी DIP का इस्तेमाल करना होगा। यह प्लेटफॉर्म अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों और सर्विस एरिया में एक ही व्यक्ति के नाम पर चल रहे मोबाइल कनेक्शनों को पहचानने में मदद करेगा।
23 अगस्त से फोटो के जरिए पहचान
DoT के 17 अगस्त 2026 के सर्कुलर के मुताबिक, 23 अगस्त 2026 से तय सीमा तक कनेक्शन रखने वाले ग्राहकों की प्रतिनिधि तस्वीर DIP पर उपलब्ध कराई जाएगी। टेलीकॉम कंपनियों को इन तस्वीरों का इस्तेमाल यह जांचने के लिए करना होगा कि कोई व्यक्ति सीमा पूरी करने के बाद दोबारा नया कनेक्शन लेने की कोशिश तो नहीं कर रहा।
24 अगस्त से कंपनियां करेंगी कार्रवाई
24 अगस्त 2026 से टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे ग्राहकों की पहचान करने के लिए तकनीकी व्यवस्था लागू करनी होगी, जो निर्धारित सीमा से ज्यादा कनेक्शन लेने की कोशिश कर रहे हैं। शुरुआत में यह प्रक्रिया अगले दिन के आधार पर हो सकती है, जबकि इसे रियल टाइम में लागू करने की अंतिम समयसीमा 30 नवंबर 2026 रखी गई है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
DoT की इस व्यवस्था का मकसद मोबाइल कनेक्शनों की संख्या पर बेहतर निगरानी रखना और फर्जी या गलत तरीके से इस्तेमाल होने वाले मोबाइल नंबरों पर नियंत्रण मजबूत करना है। खासतौर पर अलग-अलग कंपनियों में एक ही व्यक्ति के नाम पर मौजूद कनेक्शनों की पहचान आसान हो सकेगी।
इसलिए अगर आपके नाम पर कई SIM कार्ड हैं, तो एक बार जरूर जांच लें कि कितने मोबाइल नंबर आपके नाम से एक्टिव हैं। अगर कोई ऐसा नंबर है जिसका आप इस्तेमाल नहीं करते, तो उसे बंद कराने की प्रक्रिया पूरी करना बेहतर होगा।









