सोशल संवाद/राँची : रांची एयरपोर्ट से बुधवार को नौवें दिन भी इंडिगों के तीन विमान रद्द रहे, जिससे छह उड़ानें नहीं हुईं। इसके कारण यहां से करीब एक हजार यात्रियों की आवाजाही रुक गयी। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, इनमें रांची से दिल्ली और दिल्ली से रांची की दो-दो उड़ानें और रांची से हैदराबाद व हैदराबाद से रांची की उड़ानें रद्द रहीं।
यह भी पढे : नींबू पहाड़ खनन घोटाले की CBI करेगी जांच:सुप्रीम कोर्ट ने जांच पूरी करने का दिया आदेश
रांची से दिल्ली के लिए 10,997 रुपए, रांची से बेंगलुरु के लिए 17 से 20 हजार रुपए और रांची से मुंबई के लिए 20 से 22 हजार रुपए में बुकिंग हो रही है। लेकिन, इसके लिए भी अनुकूल तिथियों में सीटें उपलब्ध नहीं हैं। इन विमानों के रद्द होने से बुधवार को भी एयरपोर्ट के इंडिगो काउंटर पर रिशेड्यूल और रिफंड की सुविधा दी गई। आमतौर पर लोगों को यात्रा तिथि के दिन गुरुवार को सफर की बुकिंग नहीं हो सकी। इंडिगो के अनुसार, 14 दिसंबर तक रांची से दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई के विमानों में सीधी विमान सेवाओं की बुकिंग उपलब्ध नहीं है। इन विमानों से आवाजाही कर रहे सामान्य यात्रियों का सफर रद्द होने पर उपलब्ध सीटों की बुकिग तिगुने से चौगुनी कीमतों पर हो रही है।
यात्रियों की संख्या में आयी कमी : गत दो दिसंबर से शुरू हुआ इंडिगो के पायलट और क्रू मेंबर्स से संबंधित समस्या का अंत होने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिसंबर के बाद से प्रतिदिन यहां आवाजाही करने वाले विमान यात्रियों की संख्या में उतार-चढ़ाव हो रहा है। सामान्य दिनों में प्रत्येक दिन 52 उड़ानों में करीब 8500 यात्रियों की आवाजाही होती है, जो अब गिरकर 7190 तक पहुंच चुकी है। उड़ानें रद्द होने के दौरान छह नवंबर को 11 विमान सेवाओं के रद्द होने के कारण मात्र 5894 यात्रियों की आवाजाही हुई।
यात्रीगण ध्यान दें : आपकी समस्या के समाधान के लिए बनी टीम
रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस के सभी विमानों को मिलाकर प्रतिदिन 26 से 27 विमानों की उड़ानें संचालित होती हैं। इसमें इंडिगो के 18 और एयर इंडिया एक्स्प्रेस के आठ विमान शामिल हैं। इंडिगो की उड़ानें रद्द होने के कारण एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से विमान यात्रियों की सहायता के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी, इंडिगो और सीआईएसएफ के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम तैनात की गई। टीम टर्मिनल क्षेत्र में परेशान यात्रियों की समस्याओं का तत्परता से पता लगाकर उसका हल कर रही है। इस अभियान में विमान यात्रियों को उड़ानों की स्थिति, रिफंड, पुन: बुकिंग के साथ-साथ अन्य सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। इससे लोगों को काफी राहत है।
रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि इंडिगो के विमानों के रद्द होने से उत्पन्न संकट अब सामान्य हो रहा है। नौ और 10 दिसंबर को एयरलाइन की ऑन टाइम परफार्मेंस 66.7% रही। इंडिगो की उड़ानों का असर अन्य एयरलाइंस के परिचालन पर नहीं पड़ा। गुरुवार को रांची एयरपोर्ट से तीन विमान सेवाओं की छह उड़ानें रद्द रहीं। यात्रियों की सहायता के लिए एक संयुक्त टीम बनायी गयी है।








