सोशल संवाद / डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद एक बार फिर अपने मानवीय कार्यों को लेकर चर्चा में हैं। फिल्मी पर्दे पर हीरो का किरदार निभाने वाले सोनू सूद ने वास्तविक जिंदगी में भी जरूरतमंदों की मदद कर लोगों के बीच खास पहचान बनाई है। अब उन्होंने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए कदम बढ़ाया है।
यह भी पढ़े : Jharkhand Swine Flu: सभी जिलों में होगी स्वाइन फ्लू की जांच, स्वास्थ्य विभाग का बड़ा निर्देश
सोनू सूद अपने सूद चैरिटी फाउंडेशन की टीम के साथ नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे हैं। वह बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन, कंबल और अन्य जरूरी राहत सामग्री लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि राहत अभियान सिर्फ तत्काल मदद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले महीनों में भी जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जाएगी।
नेपाल बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे सोनू सूद
रिपोर्ट के मुताबिक, सोनू सूद मंगलवार को अपनी चैरिटी फाउंडेशन की टीम के साथ काठमांडू पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और प्रभावित लोगों की जरूरतों को समझने की कोशिश की। सोनू सूद ने कहा कि उनकी टीम बाढ़ से प्रभावित लोगों के साथ खड़ी रहना चाहती है और उन्हें दोबारा सामान्य जिंदगी की ओर लौटने में मदद करेगी।
कंबल और खाद्य सामग्री लेकर पहुंची टीम
सोनू सूद ने बताया कि तत्काल राहत अभियान के तहत बड़ी संख्या में कंबल और खाने-पीने की सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उनकी टीम प्रभावित समुदायों की जरूरतों का आकलन भी कर रही है, ताकि भारत से आवश्यक सामान नेपाल भेजा जा सके।
उन्होंने कहा कि राहत सामग्री केवल शुरुआती दिनों में नहीं, बल्कि आने वाले महीनों में भी जरूरत के मुताबिक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
‘नेपाल, आप अकेले नहीं हैं’
सोनू सूद ने इससे पहले सोशल मीडिया पर नेपाल के लोगों के लिए भावुक संदेश साझा किया था। उन्होंने कहा था कि नेपाल अकेला नहीं है और वह लोगों को भोजन, आश्रय तथा दोबारा खड़े होने में मदद करने के लिए वहां पहुंच रहे हैं। नेपाल पहुंचने के बाद उन्होंने नेपाली बच्चों के साथ तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि इन बच्चों ने अपना घर, परिवार और बचपन तक खो दिया है। सोनू ने लोगों के सहयोग से उन्हें नई शुरुआत देने की उम्मीद जताई।
बाढ़ में हजारों लोग प्रभावित
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास अचानक आई बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। बाढ़ के कारण बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने और लापता होने की खबर सामने आई है। प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रभावित लोगों को भोजन, आश्रय और जरूरी सामान उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।
बाढ़ में पहले भी मदद के लिए आगे आए हैं सोनू सूद
सोनू सूद इससे पहले भी प्राकृतिक आपदाओं और संकट के समय जरूरतमंदों की मदद करते रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने देशभर में फंसे प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने में मदद की थी। इसके बाद भी उनका चैरिटी फाउंडेशन जरूरतमंद लोगों की सहायता से जुड़े कई अभियान चलाता रहा है।
2025 में पंजाब में आई बाढ़ के दौरान भी सोनू सूद ने राहत अभियान चलाया था। वहीं, इस साल पश्चिम एशिया में तनाव के कारण दुबई में फंसे यात्रियों की मदद के लिए भी उन्होंने मुफ्त आवास उपलब्ध कराने की पेशकश की थी।
सोशल मीडिया पर हो रही सोनू सूद की तारीफ
नेपाल पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों की मदद करने को लेकर सोनू सूद की सोशल मीडिया पर एक बार फिर तारीफ हो रही है। लोगों का कहना है कि वह सिर्फ फिल्मों में ही नहीं, बल्कि वास्तविक जिंदगी में भी जरूरतमंदों के लिए लगातार मदद का हाथ बढ़ाते हैं।
नेपाल के प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर राहत सामग्री उपलब्ध कराने की उनकी पहल ने एक बार फिर उनके सामाजिक कार्यों को चर्चा में ला दिया है।









