सोशल संवाद/डेस्क: श्री साईंबाबा संस्थान के इंग्लिश मीडियम स्कूल की आठवीं कक्षा की मेधावी छात्रा कु. चैत्राली विलास सिनगर ने विज्ञान क्षेत्र में अपनी रचनात्मक सोच और अभिनव प्रोजेक्ट के दम पर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उसका चयन राज्यस्तरीय Inspire MANAK प्रदर्शनी (गोंदिया) के लिए हुआ है, जिससे विद्यालय और संस्थान में हर्ष का माहौल है।
यह भी पढ़ें: AIBE 2025: एडमिट कार्ड जारी, उम्मीदवार जल्द डाउनलोड करें, परीक्षा 30 नवंबर को
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, नई दिल्ली द्वारा 17 और 18 नवंबर 2025 को Inspire MANAK जिलास्तरीय प्रदर्शनी (DLEPC) का आयोजन दा.ह. घाडगे पाटील विद्यालय, त्रिमूर्ति शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संकुल, नेवासा फाटा में किया गया था। इस प्रदर्शनी में जिलेभर के कई प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया, लेकिन चैत्राली ने अपने कल्पनाशीलता भरे विज्ञान प्रोजेक्ट के साथ सभी का ध्यान आकर्षित किया और विशिष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्यस्तर तक अपनी जगह बनाई।
चैत्राली की इस उपलब्धि के पीछे विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री आसिफ तांबोली, प्रधान अध्यापिका श्रीमती शिल्पा पुजारी तथा विज्ञान शिक्षकों का मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग अहम रहा है। उन्होंने चैत्राली को निरंतर नई खोजों और प्रयोगों के लिए प्रोत्साहित किया, जिसका परिणाम अब सामने है।
इस सफलता पर श्री साईंबाबा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमान गोरक्ष गाडीलकर (भा.प्र.से.), उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमान भिमराज दराडे तथा प्र. प्रशासकीय अधिकारी श्रीमान विश्वनाथ बजाज सहित सभी शिक्षक एवं विद्यालय परिवार ने चैत्राली को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। सभी ने उसके उज्ज्वल भविष्य और विज्ञान क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छूने की कामना व्यक्त की है।








