सोशल संवाद / जमशेदपुर : हाई स्कूल गोपबंधु विद्यापीठ, टेल्को में संविधान दिवस विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी, उप प्राचार्या मंजू कुमारी एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं स्वर्गीय गोपबंधु जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्प अर्पित करके किया।
यह भी पढे : ग्रेजुएट कॉलेज के एन एस एस यूनिट व राजनीति विज्ञान विभाग ने मनाया संविधान दिवस
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान का प्रमुख उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को उसके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। सामान्यतः हम अपने मौलिक अधिकारों की चर्चा तो करते हैं, लेकिन मौलिक कर्तव्यों को भी समान रूप से समझना और उनका पालन करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी एवं शिक्षक का अपने देश, समाज और संविधान के प्रति कुछ दायित्व होता है। जब हम अपने मौलिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करेंगे, तभी संविधान के प्रति हमारा सम्मान सार्थक होगा। अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन ही एक आदर्श नागरिक की पहचान है। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने कविता पाठ, प्रेरक स्लोगन, पोस्टर प्रस्तुति एवं लघु नाटिका के माध्यम से भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों तथा नागरिक कर्तव्यों पर प्रभावशाली ढंग से प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संकल्प लेने का संदेश दिया कि हम भारतीय संविधान का सम्मान करें, अपने मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों को जानें तथा एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सहानुभूति, समानता और भाईचारे की भावना विकसित करें।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी एवं उप प्राचार्या मंजू कुमारी के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर शिक्षक चितरंजन मोहती, लक्ष्मीकांत गिरी, लड्डू केसर पटनायक, सुभाष चंद्र नायक, शिक्षिकाएं नीलम प्रभात, सुनीता कुमारी, श्वेता कामेश्वरी, कनिका राय एवं अनु मिश्रा सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।कार्यक्रम का समापन संविधान की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति शपथ दिलाने के उपरांत हुआ।











