सोशल संवाद /डेस्क :चाईबासा, 02 अगस्त 2026: उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा के मार्गदर्शन में संचालित प्रोजेक्ट परख के तहत आज पश्चिमी सिंहभूम जिले के तीनों अनुमंडलों में निर्धारित तीन परीक्षा केंद्रों पर ओलंपियाड परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
चक्रधरपुर परीक्षा केंद्र का अनुमंडल पदाधिकारी ने किया निरीक्षण
चक्रधरपुर अनुमंडल अंतर्गत स्थापित मारवाड़ी +2 उच्च विद्यालय, चक्रधरपुर परीक्षा केंद्र का निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी, पोड़ाहाट, चक्रधरपुर द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा की व्यवस्थाओं, अनुशासन एवं पारदर्शिता का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।714 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 590 हुए शामिलमारवाड़ी +2 उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर कुल 714 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 590 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
उत्कृष्ट विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष शैक्षणिक मार्गदर्शन
प्रोजेक्ट परख का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता का आकलन कर उन्हें बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रदान करना है। इस ओलंपियाड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 100 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को आगामी माध्यमिक परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर सकें।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को मिलेगा बढ़ावा
इस परीक्षा में जिले के शीर्ष 10 विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह पहल विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने, उनकी विषयगत समझ को सुदृढ़ बनाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।









