सोशल संवाद / डेस्क : टी20 विश्व कप 2026 से खुद को अलग करने की अटकलों के बीच पाकिस्तान ने आखिरकार इस पर विराम लगा दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टीम की आधिकारिक यात्रा कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिससे स्पष्ट हो गया कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेने जा रही है।
यह भी पढे : विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट हुआ गायब, फैंस में मची हलचल
पाकिस्तान की टीम 2 फरवरी को श्रीलंका रवाना
PCB के अनुसार, पाकिस्तान की टीम 2 फरवरी को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के लिए रवाना होगी। टूर्नामेंट का बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा। यह मैच दुनियाभर के क्रिकेट फैंस के लिए सबसे रोमांचक मुकाबलों में से एक माना जा रहा है।
भारत-पाकिस्तान मुकाबला होगा हाइब्रिड मॉडल में
आईसीसी ने सुरक्षा और राजनीतिक कारणों के मद्देनजर इस टूर्नामेंट के लिए हाइब्रिड मॉडल को मंजूरी दी है। इसके तहत पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा। अगर टीम फाइनल तक पहुँचती है, तो खिताबी मुकाबला भी कोलंबो में ही होगा।
पाकिस्तान की भागीदारी पर पहले उठी थी बहिष्कार की अटकलें
जब आईसीसी ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर स्कॉटलैंड को शामिल किया, तब पाकिस्तान के बहिष्कार की अटकलें तेज हो गई थीं। PCB लगातार इस फैसले पर नाराजगी जता रहा था और यह संकेत मिल रहे थे कि बोर्ड संभवतः टूर्नामेंट से हटने पर विचार कर सकता है।
PCB प्रमुख मोहसिन नकवी ने भी कहा था कि अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा। इस बयान के बाद अटकलें और तेज हो गई थीं।
अब कोई बहिष्कार नहीं, पाकिस्तान की तैयारी पूरी
हालांकि ताजा जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप के लिए सभी लॉजिस्टिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। PCB ने बांग्लादेश की टीम के भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंताओं का समर्थन किया, लेकिन अब यह स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के साथ चर्चा के बाद यह निष्कर्ष निकला कि पाकिस्तान के पास टूर्नामेंट का बहिष्कार करने का कोई मजबूत आधार नहीं है।
पाकिस्तान की औपचारिक घोषणा और क्रिकेट प्रेमियों को राहत
इन परिस्थितियों को देखते हुए यह लगभग तय माना जा रहा है कि शुक्रवार को पाकिस्तान औपचारिक रूप से टी20 विश्व कप में अपनी भागीदारी की घोषणा करेगा। इस निर्णय से क्रिकेट प्रेमियों को राहत मिली है और भारत-पाकिस्तान मैच के लिए उत्साह और बढ़ गया है।










