सोशल संवाद/डेस्क : जमीनी स्तर पर खेलों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा धतकीडीह कम्युनिटी सेंटर के बास्केटबॉल कोर्ट में फ्लडलाइट्स का उद्घाटन किया गया। इससे युवा खिलाड़ियों को अपने खेल के प्रति जुनून को आगे बढ़ाने के लिए एक सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।

ये भी पढे : डैम निरीक्षण के दौरान विस्थापितों के अधिकारों को लेकर गरजे पदाधिकारी, पूर्ण मुआवजा व पुनर्वास की उठी मांग
जमशेदपुर में वर्तमान में सामुदायिक स्तर पर केवल दो बास्केटबॉल कोर्ट सोनारी और धतकीडीह उपलब्ध में हैं, जिन्हें टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा विकसित किया गया है। इस कारण ये दोनों केंद्र स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। केवल धतकीडीह में ही 82 बच्चे नियमित रूप से सुबह और शाम के सत्रों में अभ्यास करते हैं। स्कूल जाने वाले कई छात्रों के लिए शाम का सत्र ही अभ्यास का एकमात्र समय होता है, जो अक्सर सूर्यास्त के बाद तक जारी रहता है।
हाल के दिनों में भी उचित प्रकाश व्यवस्था के अभाव के कारण एक बड़ी चुनौती उत्पन्न हो गई थी। जैसे ही अंधेरा होता था, खुले मैदान में बने इस कोर्ट पर विजिबिलिटी काफी कम हो जाती थी, जिससे अभ्यास की गुणवत्ता के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा भी प्रभावित होती थी। इस मुद्दे को समुदाय समिति के सदस्यों, कोचों, अभिभावकों और स्वयं खिलाड़ियों द्वारा कई बार उठाया गया था।
इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, टाटा स्टील फाउंडेशन ने कोर्ट पर फ्लडलाइट्स की स्थापना सुनिश्चित की। अब पूरा खेल मैदान बेहतर रोशनी से जगमगा रहा है, जिससे बच्चे सूर्यास्त के बाद भी सुरक्षित और बिना किसी दिक्कत के अभ्यास कर पा रहे हैं। बेहतर सुविधाओं के कारण युवा खिलाड़ियों में भागीदारी और उत्साह में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
इस पहल पर अपने विचार व्यक्त करते हुए, झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं ओलंपियन हरभजन सिंह ने कहा: “धतकीडीह कम्युनिटी सेंटर बास्केटबॉल कोर्ट में फ्लडलाइट्स की स्थापना जमशेदपुर में बास्केटबॉल के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। लंबे समय से पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के अभाव में शाम के समय प्रशिक्षण और मैचों का आयोजन सीमित हो जाता था। टाटा स्टील फाउंडेशन के इस सहयोग से अब खिलाड़ी एक पेशेवर वातावरण में अभ्यास कर सकेंगे और हमें यहां अधिक जिला एवं राज्य स्तरीय टूर्नामेंट आयोजित होने की उम्मीद है। यह पहल व्यापक समुदाय के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।”
इस पहल पर खुशी व्यक्त करते हुए, धतकीडीह कम्युनिटी सेंटर की बास्केटबॉल खिलाड़ी स्नेहा कुमारी ने कहा: “नई फ्लडलाइट सुविधा ने हमारे प्रशिक्षण के अनुभव को पूरी तरह बदल दिया है। पहले हमें दिन की रोशनी कम होने के कारण अपना अभ्यास बीच में ही रोकना पड़ता था, लेकिन अब हम शाम के समय भी पूरे फोकस के साथ अभ्यास कर सकते हैं। इससे न केवल माहौल अधिक सुरक्षित हुआ है, बल्कि हम जैसे छात्रों के लिए, जो पढ़ाई और खेल दोनों को संतुलित करते हैं, यह और भी उत्साहवर्धक बन गया है। टाटा स्टील फाउंडेशन के इस सहयोग के लिए मैं दिल से आभारी हूं।”
अपने विचार साझा करते हुए, उदय नायर, बास्केटबॉल खिलाड़ी, धतकीडीह कम्युनिटी सेंटर ने कहा: “फ्लडलाइट्स की स्थापना से हमारा कोर्ट अब अधिक जीवंत और सक्रिय महसूस होता है। अभ्यास के समय में बढ़ोतरी से हमारे आत्मविश्वास और प्रदर्शन में सुधार हुआ है, और अब अधिक विद्यार्थी प्रशिक्षण सत्रों में जुड़ रहे हैं। इस पहल ने हम सभी खिलाड़ियों के लिए आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्रदान किए हैं, और हम जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।”
धतकीडीह बास्केटबॉल कोर्ट समय-समय पर जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करता रहा है, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। फ्लडलाइट्स के जुड़ने से अब यह परिसर ऐसे आयोजनों को अधिक कुशलता और बेहतर तरीके से संचालित करने में सक्षम हो गया है। ऐसी पहलों के माध्यम से, टाटा स्टील फाउंडेशन सामुदायिक भागीदारी पर आधारित विकास को निरंतर समर्थन देता हुआ जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के अपने प्रयासों को आगे बढ़ा रहा है।









