सोशल संवाद/डेस्क: मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों कानूनी विवाद के कारण चर्चा में हैं। एक पुराने चेक बाउंस मामले में उन्हें फरवरी 2026 की शुरुआत में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा। इस घटना के बाद उनका परिवार कठिन दौर से गुजर रहा है और कई लोग उनकी मदद के लिए आगे आ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश:118 सांसदों के दस्तखत
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की हस्तियां भी इस मुश्किल समय में परिवार का सहारा बन रही हैं। जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए मानवीय आधार पर 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
वहीं राव इंद्रजीत यादव ने भी बड़ा सहयोग देने का ऐलान किया है। उन्होंने राजपाल यादव को एक प्रतिभाशाली कलाकार बताते हुए उनके परिवार के लिए 1 करोड़ 11 लाख रुपये की मदद की घोषणा की और लोगों से भी सहयोग की अपील की। इसके अलावा अभिनेता सोनू सूद ने भी लोगों से राजपाल यादव के परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की है। इस बीच फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसक भी उनके जल्द राहत मिलने की उम्मीद जता रहे हैं।










