सोशल संवाद / चक्रधरपुर: वीर शहीद निर्मल महतो कुड़मि भवन, राखा आसनतलिया में रविवार को क्रांति दूत अमर शहीद शक्तिनाथ महतो की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों को याद किया।

यह भी पढे : 77वें वन महोत्सव में सांसद जोबा माझी का संदेश: जंगल, जल और जमीन हमारी सबसे बड़ी धरोहर
जयंती समारोह के बाद आयोजित कुड़मि समाज की महत्वपूर्ण बैठक में समाज से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आगामी सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।
8 अगस्त को मनाया जाएगा वीर शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस
बैठक में निर्णय लिया गया कि 8 अगस्त को वीर शहीद निर्मल महतो का शहादत दिवस कुड़मि भवन सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर कुड़मि भवन में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि समाज सेवा का संदेश लोगों तक पहुंचे।
विश्व आदिवासी दिवस और पुण्यतिथि कार्यक्रम पर भी चर्चा
बैठक में 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस मनाने तथा 10 अगस्त को शिक्षाविद एवं झारखंड शिक्षा रत्न से सम्मानित स्वर्गीय श्याम सुंदर महतो की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
20 सितंबर को करम जावा बेड़हा को लेकर तैयारियां तेज
बैठक में 20 सितंबर को आयोजित होने वाले करम जावा बेड़हा कार्यक्रम को सफल बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आयोजन को भव्य बनाने के लिए गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चलाने और व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर समाज के बुद्धिजीवी, समाजसेवी और बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से खगेश्वर महतो, गौरी शंकर महतो, बलराज हिंदवार, करन महतो, प्रदीप कुमार महतो, जातेन महतो, रोमीत केटियार, धीरज महतो, रवि महतो, सूरज महतो, मुकुंद केटियार, अनिल महतो, अजय महतो, रिंकू महतो, उत्तम महतो, विनोद महतो, जितेंद्र महतो, रोशन महतो, कमलेश कुमार महतो, दीपक महतो, नीतीश महतो, अरविंद महतो, संजय महतो, अजय कुमार महतो, गणेश महतो और दुर्योधन महतो सहित कई सदस्य मौजूद रहे।









