सोशल संवाद / नई दिल्ली : आम आदमी पर ने दिल्ली नगर निगम में इस बार भी भाजपा को मेयर के साथ-साथ स्टैंडिंग कमेटी का चेयरमैन बनने का खुला ऑफर दे दिया है। स्टैंडिंग कमेटी के खाली 3 सीटों में से सिर्फ एक सीट शालीमारबाग से पार्षद जलज चौधरी को प्रत्याशी बनाया है। जलज चौधरी ने बुधवार को नामांकन भी दाखिल कर दिया ह।
यह भी पढे : सेमीकंडक्टर नीति से दिल्ली में डिजाइन, अनुसंधान और उद्योग को मिलेगा समन्वित बढ़ावा: सीएम रेखा गुप्ता
“आप” एक और सीट पर प्रत्याशी उतार सकती थी लेकिन खरीद फरोख्त में विश्वास न करते हुए भाजपा के लिए मौदान खाली छोड़ दिया है। यह जानकारी एमसीडी में “आप” के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने दी। उन्होंने कहा कि भाजपा मेयर के साथ स्टैंडिंग कमेटी का चेयरमैन भी अपना बनाए और दिल्ली में कुछ काम करके दिखाए। एक बार फिर भाजपा के पास कोई बहाना नहीं होगा। पिछले साल तो दिल्लीवालों को निराश किया, लेकिन इस बार उम्मीदों पर खरा उतरे।
अंकुश नारंग ने कहा कि बुधवार को सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय में आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली नगर निगम की महत्वपूर्ण स्थायी समिति सदस्य पद के लिए शालीमार बाग से पार्षद जलज कुमार चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया। यह नामांकन पार्टी की मजबूत संगठनात्मक तैयारी, पारदर्शी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
जलज कुमार चौधरी लंबे समय से क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाते रहे हैं और उनके अनुभव से निगम की कार्यप्रणाली को और मजबूती मिलेगी। सभी ने एकजुट होकर जलज कुमार चौधरी को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मीडिया से बातचीत में अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने एमसीडी स्टैंडिंग कमेटी के लिए अपना नॉमिनेशन दाखिल कर दिया है। वार्ड नंबर 55, शालीमार बाग से पार्टी के पार्षद जलज कुमार चौधरी का नॉमिनेशन किया गया है। जलज कुमार चौधरी उसी क्षेत्र से आते हैं, जहां से वर्तमान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आती हैं।
जलज कुमार चौधरी अपने क्षेत्रवासियों का झंडा हमेशा ऊंचा रखते हैं और जनता के काम करवाने के लिए मुख्यमंत्री से भी लड़ जाते हैं। आज उन्हें पूरी ताकत दी गई है ताकि वे स्टैंडिंग कमेटी में जाकर सिर्फ शालीमार बाग ही नहीं, बल्कि पूरी दिल्ली के मुद्दे उठाएं। वे दिल्लीवासियों की उन बुनियादी जरूरतों को मजबूती से रखेंगे, जिन पर भाजपा की चार इंजन की सरकार पूरी तरह से विफल रही है।
तीन सीटों पर केवल एक नॉमिनेशन करने के सवाल पर अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी खरीद-फरोख्त में विश्वास नहीं रखती है। पार्टी का एक बेहद योग्य सदस्य स्टैंडिंग कमेटी में जा रहा है। पार्टी चाहती तो दूसरे सदस्य का भी नॉमिनेशन करवा सकती थी, लेकिन हम चाहते हैं कि भाजपा अपनी चार इंजन की सरकार चलाकर दिखाए। आज केंद्र सरकार, एलजी, दिल्ली सरकार और एमसीडी सब कुछ भाजपा के पास है।
अंकुश नारंग ने कहा कि पिछले एक साल में भाजपा ने दिल्ली की जनता को बिल्कुल निराश किया है। अब उनके पास काम न करने का कोई बहाना नहीं होना चाहिए। मेयर, डिप्टी मेयर और एमसीडी की स्टैंडिंग कमेटी उन्हीं की है। अब भाजपा को दिल्ली की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरकर दिखाना चाहिए। पिछले साल जब जलभराव हुआ, प्रदूषण बढ़ा और बाढ़ आई, तो ये लोग कुछ नहीं कर पाए। दिल्ली की जनता ने 70 में से 48 विधानसभा सीटें और सातों सांसद भाजपा को दिए हैं, इसलिए अब उन्हें काम करके दिखाना होगा।
मेयर चुनाव पर आम आदमी पार्टी के रुख को स्पष्ट करते हुए अंकुश नारंग ने कहा कि पार्टी खरीद-फरोख्त में विश्वास नहीं रखती और भाजपा को खुला मौका दे रही है कि वे अपना मेयर लाएं। पिछले साल भाजपा अपना मेयर लाकर भी कोई काम नहीं कर पाई। भाजपा की स्टैंडिंग कमेटी सिर्फ अंडरहिल रोड और जामिया हमदर्द जैसे दो ही मुद्दों में फंसकर रह गई। मेयर और स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन आपस में ही लड़ते रह गए। कोई प्रदेश अध्यक्ष के पास गया, तो कोई मुख्यमंत्री के पास।
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली प्रदेश भाजपा के अंदर दो गुट बन चुके हैं। एक मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का गुट और दूसरा वीरेंद्र सचदेवा का गुट। अब भाजपा को एमसीडी में काम करके दिखाना है। वे अपना मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन लाएं और एमसीडी के अंदर साफ-सफाई की व्यवस्था करें, कूड़े के पहाड़ खत्म करें, आवारा कुत्तों के लिए शेल्टर होम बनाएं और सारी व्यवस्थाएं सुधार कर दिखाएं।
अंकुश नारंग ने कहा कि एमसीडी चुनावों में आम आदमी पार्टी के 134 पार्षद जीतकर आए थे और एक निर्दलीय पार्षद भी हमारे साथ था। लेकिन भाजपा ने सीबीआई और ईडी का डर दिखाकर तथा खरीद-फरोख्त करके आम आदमी पार्टी के पार्षदों को अपनी तरफ कर लिया। इसके बावजूद आज भी पार्टी के पास 101 पार्षद हैं, जो पूरी मजबूती के साथ अरविंद केजरीवाल के सच्चे सिपाही बनकर काम की राजनीति कर रहे हैं।
उन 101 पार्षदों ने एकजुट होकर तय किया है कि हम मेयर का चुनाव नहीं लड़ेंगे। हम भाजपा की तरह खरीद-फरोख्त नहीं करेंगे, बल्कि उन्हें मौका देंगे। जब तीन इंजन भाजपा के पास हैं, तो अब एमसीडी का चौथा इंजन भी वे ही चलाएं और काम करके दिखाएं। पिछले एक साल में तो उनसे कुछ नहीं हुआ, उम्मीद है कि इस साल वे जनता के लिए कुछ करके दिखाएंगे।
वहीं, एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि भाजपा यह बहाना बनाती है कि उनकी चार इंजन की सरकार को अभी एक साल ही हुआ है और उन्हें काम करने का मौका नहीं मिला, इसलिए वे काम नहीं कर पा रहे हैं। भाजपा लगातार यह बहाना बनाती है कि इससे पहले दूसरी सरकारें थीं। जबकि पिछले 18 साल से एमसीडी में भाजपा की ही सरकार रही है और उनके ही मेयर रहे हैं। इसके बावजूद एमसीडी की हालत बेहद खराब है।
प्रवीण कुमार ने कहा कि इस बार आम आदमी पार्टी ने भाजपा को दोबारा वॉकओवर दिया है। उन्हें फिर से यह मौका दिया गया है कि वे दिल्ली की जनता के लिए कुछ काम करके दिखाएं। अगर दिल्ली वालों ने उन्हें चार इंजन की सरकार दी है, तो वे दिल्ली के लिए कुछ करके दिखाएं।
प्रवीण कुमार ने कहा कि इसलिए आम आदमी पार्टी ने पिछली बार की तरह इस बार भी खुद को मेयर चुनाव से दूर रखा है। स्टैंडिंग कमेटी एक बहुत महत्वपूर्ण जगह होती है, जहां दिल्ली के मुद्दे बहुत गंभीरता से उठाए जाते हैं। अरविंद केजरीवाल द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि उस स्टैंडिंग कमेटी में शालीमार बाग से युवा पार्षद जलज चौधरी को सदस्य बनाकर भेजा जाएगा। जलज चौधरी उसी क्षेत्र से आते हैं, जहां से वर्तमान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आती हैं। अब जलज चौधरी और स्टैंडिंग कमेटी के अन्य सभी सदस्य दिल्ली के तमाम मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाएंगे।
प्रवीण कुमार ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया है, वे कम से कम उसका एक फीसद तो खरा उतरें और जनता को कुछ काम करके दिखाएं। दिल्ली प्रदूषण से बुरी तरह प्रभावित है। आज हालात यह हो गए हैं कि इस बेमौसम में भी ग्रैप लागू करना पड़ रहा है। जबकि आज तक कभी ऐसा नहीं हुआ कि इस मौसम में ग्रैप लागू करना पड़े।
इस मौसम में ग्रैप का लागू होना भाजपा की नाकामी और उनका निकम्मापन है, जिसे आम आदमी पार्टी लगातार उजागर कर रही है। विपक्ष में रहकर आम आदमी पार्टी भाजपा के इस निकम्मेपन को और अधिक मजबूती से उजागर करेगी। इस अवसर पर निगम पार्षद प्रीति डोंगरा, विकास टांक, राकेश कुमार और राफिया माहिर सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।









