सोशल संवाद/जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अप्रैल के दूसरे सप्ताह से जनगणना का पहला चरण शुरू किया जाएगा। इसकी तैयारी के तहत 8 अप्रैल को गणना कर्मियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद घर-घर जाकर सर्वे की प्रक्रिया शुरू होगी।

ये भी पढे : AAP में बड़ा फेरबदल: राघव चड्ढा हटे उपनेता पद से, अशोक मित्तल को मिली नई जिम्मेदारी
पहले चरण में हाउस लिस्टिंग (मकान सूचीकरण) और हाउसिंग सेंसस (आवास गणना) किया जाएगा। इस दौरान जिले के घरों और परिवारों की रहने की स्थिति, बुनियादी सुविधाओं और सामाजिक-आर्थिक हालात से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाएगी। इसके लिए जनगणनाकर्मी घर-घर जाकर लोगों से सवाल पूछेंगे। लोग चाहें तो ऑनलाइन लॉगिन कर भी जानकारी दे सकते हैं, लेकिन इसके बाद भी कर्मी घर पहुंचकर उसका सत्यापन करेंगे।
इस चरण में करीब 33 से 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें मकान की बनावट, दीवार और छत में इस्तेमाल सामग्री, मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, मालिकाना हक, पीने के पानी का स्रोत, बिजली, शौचालय, रसोई, ईंधन और ड्रेनेज जैसी सुविधाओं से संबंधित जानकारी शामिल होगी।
इसके अलावा टीवी, मोबाइल, इंटरनेट, लैपटॉप, साइकिल, मोटरसाइकिल और कार जैसी सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली जाएगी। परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति, बैंक खाता, आजीविका के स्रोत, प्रवासी सदस्य और दिव्यांग सदस्य से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी।









