सोशल संवाद/राँची : राजधानी रांची समेत तीन शहरों में मेट्रो रेल का सपना अब जमीन पर उतरने की ओर बढ़ रहा है। हेमंत सोरेन सरकार ने रांची, जमशेदपुर और धनबाद में मेट्रो रेल परियोजना की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रस्तावित योजना के अनुसार, रांची में तीन रूट पर मेट्रो चलाई जाएगी, वहीं जमशेदपुर और धनबाद में सर्वे जारी है।
ये भी पढे : जोड़ा स्थित सेंट टेरेसा स्कूल द्वारा अनुपस्थिति दंड 50 रू.लिए जाने से अभिभावकों मे आक्रोश
केंद्र की सहमति के बाद प्लान तैयार
अब तक की प्रगति के अनुसार, केंद्र सरकार की सैद्धांतिक सहमति के बाद रांची का नया कॉम्प्रिहेन्सिव मोबिलिटी रिवाइज प्लान (सीएमपी) तैयार कर लिया गया है और अब अल्टरनेटिव एनालिसिस रिपोर्ट (एएआर) तथा डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
51KM का होगा रूट
प्रस्तावित योजना के अनुसार, शहरी परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुगम और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से राजधानी रांची में कुल 51.3 किमी की दूरी में मेट्रो चलाई जानी है। पहला रूट कचहरी गोल चक्कर से नयासराय तक 16.1 किमी लंबा होगा। दूसरा रूट पहाड़टोली से नामकुम के बीच 13.7 किमी का होगा, जबकि तीसरा और सबसे लंबा रूट कांके से तुपुदाना तक 21.5 किलोमीटर तक फैला होगा। इन तीनों रूटों के माध्यम से राजधानी के लगभग सभी प्रमुख इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की कार्ययोजना है। आकलन है कि प्रतिदिन 70 हजार से अधिक यात्री रांची मेट्रो की सवारी करेंगे।
केंद्र सरकार के निर्देश पर तैयार नए सीएमपी के बाद झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (जुडको) ने एएआर और डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इन रिपोर्टों के आधार पर यह तय होगा कि रांची में मेट्रो किस रूट पर एलिवेटेड या कहां अंडरग्राउंड होगी। इधर, जमशेदपुर, धनबाद के लिए एएआर और डीपीआर तैयार करने को लेकर एम/एस राइट्स कंपनी को लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (एलओए) जारी कर दिया गया है। हालांकि, एजेंसी के साथ औपचारिक एग्रीमेंट किया जाना अभी बाकी है।
सीएम ने की है केंद्र से मेट्रो के लिए दावेदारी
प्रधान सचिव सुनील कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की मांग के बाद केंद्र सरकार के निर्देशानुसार रांची का रिवाइज सीएमपी प्लान तैयार है। जल्द ही जमशेदपुर और धनबाद का भी सीएमपी किया जाएगा। फिजिबिलिटी के आधार पर भारत सरकार प्रस्तावित सीएमपी के आधार पर आगे का निर्णय लेगी। डीपीआर बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।










