सोशल संवाद / जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद एवं भाजपा नेता अनिल मोदी ने जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से जुगसलाई ओवरब्रिज की खराब हो चुकी एलईडी लाइटों की तत्काल मरम्मत कराने और ओवरब्रिज की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जुगसलाई ओवरब्रिज शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है और यहां प्रतिदिन हजारों लोग आवाजाही करते हैं। ऐसे में इसकी प्रकाश व्यवस्था और रखरखाव बेहतर होना बेहद जरूरी है।

यह भी पढे : Supreme Court: पैगंबर टिप्पणी मामले में तत्काल सुनवाई से इनकार
अनिल मोदी ने कहा कि लंबे जनसंघर्ष के बाद जुगसलाई की जनता को इस ओवरब्रिज की सौगात मिली थी। निर्माण के समय इसे आकर्षक स्वरूप देने के लिए सभी पिलरों पर रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें लगाई गई थीं, जिससे रात के समय पूरा ओवरब्रिज रोशनी से जगमगाता था। लेकिन वर्तमान में करीब 80 प्रतिशत लाइटें खराब हो चुकी हैं, जिसके कारण ओवरब्रिज का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूबा रहता है।
उन्होंने बताया कि बिष्टुपुर की ओर से ओवरब्रिज पर चढ़ने के दौरान शुरुआती हिस्से में कुछ लाइटें जलती दिखाई देती हैं, लेकिन बीच के हिस्से में पहुंचते ही अधिकांश लाइटें बंद मिलती हैं। इससे न सिर्फ ओवरब्रिज की खूबसूरती प्रभावित हो रही है, बल्कि रात के समय वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। खराब रोशनी के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।
भाजपा नेता ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की कि सभी खराब एलईडी लाइटों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि ओवरब्रिज फिर से पूरी तरह रोशन और सुरक्षित बन सके। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान रखरखाव एजेंसी अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रही है, तो उसे सख्त चेतावनी दी जाए। आवश्यकता पड़ने पर नई एजेंसी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
अनिल मोदी ने ओवरब्रिज पर बढ़ती गंदगी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कभी अपनी सुंदरता के लिए पहचाना जाने वाला जुगसलाई ओवरब्रिज अब रखरखाव के अभाव में बदहाल नजर आने लगा है। उन्होंने मांग की कि प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ नियमित साफ-सफाई की भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जुगसलाई का यह प्रमुख प्रवेश द्वार स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बना रहे।
उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज की बेहतर देखभाल न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा भी सुनिश्चित करेगी।










