सोशल संवाद/रांची : झारखंड राज्य मंत्रिपरिषद ने निर्णय लिया है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छठी से 12वीं तक की छात्राओं को राज्य सरकार 10 बायो सेनेटरी पैड देगी। राज्य की 8.50 लाख छात्राएं इससे लाभान्वित होंगी। इसके लिए 124 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। शिक्षा विभाग ने हर तीन महीने में सेनेटरी पैड संकुल स्तर तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।

यह भी पढे : चार वर्षीय यूजी के बाद अब डिस्टेंस और ऑनलाइन मोड में एक साल में होगा पीजी
स्कूल के शिक्षक इसे संकुल से प्राप्त करेंगे। स्कूलों को सरकार ट्रांस्पोर्टेशन चार्ज भी देगी। वर्तमान में राज्य के 203 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय और 57 झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं को ही सेनेटरी पैड 2023 से दिया जा रहा है। नवंबर से छात्राओं को सेनेटरी पैड मिलने लगेगा। झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय के निर्माण के लिए 49.99 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इसके अलावा 53 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। सरकारी स्कूलों के बच्चों को अब निजी स्कूलों की तर्ज पर स्टूडेंट डायरी दी जाएगी। इसमें पूरे साल के अवकाश से लेकर छात्रों-अभिभावकों से सीधा संवाद किया जा सकेगा। ज्ञानोदय योजना के तहत सरकारी व गैर सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में छठी से आठवीं के छात्र-छात्राओं को स्टूडेंट डायरी दी जाएगी। वहीं, पहली से पांचवीं तक के बच्चों के लिए हिंदी-अंग्रेजी में पैरेंटल कैलेंडर दिया जाएगा। इसके माध्यम से अभिभावक व बच्चों के बीच सूचना का आदान-प्रदान होगा। अभिभावक घर पर भी अपनी संस्कृति-परिवेश के बारे में बच्चों को जानकारी देंगे। साथ ही, बच्चों के लिखने-पढ़ने में आसानी होगी।









