सोशल संवाद / रांची : दुर्गा पूजा से पहले राज्य की लाखों महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सितंबर माह की किस्त मिल गई है। सरकार के निर्देश पर अधिकतर जिलों में प्रत्येक लाभुक के खाते में ढाई हजार रुपये भेजे जा चुके हैं। शेष जिलों में अगले एक-दो दिनों में भुगतान पूरा होने की उम्मीद है। वहीं, दीवाली से पहले अक्तूबर की राशि भी लाभुकोंके खाते में आने की उम्मीद है।
जिलों से मिले आंकड़ों के अनुसार रांची में 3.93 लाख व गुमला में 1.52 लाख महिलाओं को राशि मिल चुकी है। गिरिडीह में 4.56 लाख, जामताड़ा में 1.52 लाख व लातेहार में 1.29 लाख लाभुकों के खाते में पैसे गए हैं। चतरा में नौ
अक्तूबर को भुगतान किया गया। धनबाद में 3.46 लाख के करीब लाभुकों को 86.59 करोड़ रुपये दिए गए। पाकुड़, कोडरमा, पलामू और रामगढ़ में भी राशि भेजी जा चुकी है। सामाजिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, जिन जिलों में अब तक भुगतान नहीं हुआ है, वहां जल्द ही राशि खातों में पहुंच जाएगी। विभाग दीवाली से पहले अक्तूबर की किस्त जारी करने की तैयारी में है। इसके लिए दुर्गा पूजा के बाद सामाजिक सुरक्षा निदेशालय जिलों को दिशा-निर्देश भेजेगा।











