सोशल संवाद / नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने रेखा गुप्ता सरकार के 650 करोड़ रुपए के दवा घोटाले के खिलाफ मंगलवार को भी सांकेतिक मौन प्रदर्शन किया। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ता मरीजों को बिना परेशान किए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के बाहर तख्तियां लेकर खड़े रहे।
यह भी पढे : मोदी सरकार ने लोगों पर ई-20 पेट्रोल थोपने के लिए ऑटो कंपनियों से बुलवाया झूठ : केजरीवाल
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि लोगों को दवाई, इलाज, टेस्ट या सर्जरी न मिलने की असल वजह रेखा गुप्ता सरकार का 650 करोड़ का दवा घोटाला है। इस घोटाले का मुख्य आरोपी राजीव रंगीला को सरकार ने देश से भगवा दिया और अब लुक आउट नोटिस जारी कर नौटंकी कर रही है। इसलिए आम आदमी पार्टी रोज एक अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर रेखा गुप्ता सरकार के घोटाले के बारे लोगों को बताएगी।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 650 करोड़ रुपए के दवाई घोटाले पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बिल्कुल चुप हैं, लेकिन एक-दो बार उनका यह बयान आया है कि दवाई घोटाले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। जब इस घोटाले का मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड राजीव रंगीला देश छोड़कर जर्मनी भाग गया है, तो रेखा गुप्ता किसके ऊपर कार्रवाई करने की बात कह रही हैं? जब मास्टरमाइंड को ही एसीबी ने भगा दिया, तो अब रेखा गुप्ता सजा किसको देंगी? हम चाहते हैं कि रेखा गुप्ता इस सवाल का जवाब दें।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि हम लोग दिल्ली के बड़े-बड़े अस्पतालों के बाहर एक सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में किसी को डिस्टर्ब नहीं किया जाता और कोई नारेबाजी नहीं की जाती। हम केवल तख्तियां लेकर खड़े होते हैं ताकि दिल्ली की जनता और विशेषकर अस्पतालों में आ रहे गरीब लोगों को यह बताया जा सके कि अगर उन्हें दवाई नहीं मिल रही, उनका इलाज या टेस्ट नहीं हो रहा और उनकी सर्जरी नहीं हो रही है, तो इसका कारण यह है कि रेखा गुप्ता की सरकार ने 650 करोड़ रुपए का घोटाला किया है। दवाइयों में 200 फीसद कमीशन खाने के लिए दिल्ली की जनता का पैसा बर्बाद किया गया है।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि हम अलग-अलग अस्पतालों के बाहर इसी तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को हम लोकनायक अस्पताल के बाहर थे, आज दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के बाहर हैं और बुधवार को हम दिलशाद गार्डन स्थित जीटीबी अस्पताल के बाहर खड़े होकर जनता को बताएंगे कि किस तरह से रेखा गुप्ता की सरकार ने उनके पैसे की लूट की है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बार-बार कहती हैं कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा और सबको सख्त सजा मिलेगी, लेकिन जब सजा देने की बात आई, तो मास्टरमाइंड राजीव रंगीला को एसीबी ने देश से भगा दिया। राजीव रंगीला ने ही तमाम नकली शेल कंपनियां बनाकर, टेक्निकल स्पेसिफिकेशन तय करके और सरकार के साथ मिलकर यह घोटाला किया था। जब मुख्य आरोपी जर्मनी भाग गया है, तो अब जांच कैसे होगी और वे किसको सजा देंगे?
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि यह प्रदर्शन लगभग रोज चलेगा। रोज एक अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। जब तक मीडिया और पुलिस आते रहेगी, हम भी आते रहेंगे। जब मीडिया और पुलिस आना बंद कर देगी, तब हम किसी और तरीके से प्रदर्शन करेंगे।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार बिल्कुल कह रही है कि जांच हो रही है और सख्त सजा दी जाएगी, लेकिन जिसकी जांच होनी है वह तो जर्मनी भाग गया है। ऐसे में वे जांच किसकी कर रहे हैं? एक महीने से एफआईआर दर्ज है, 2 जून को एफआईआर हुई थी और आज 7 जुलाई है। सरकार ने एक महीने तक राजीव रंगीला को नहीं पकड़ा और अब जब वह जर्मनी भाग गया है, तब उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस निकाला गया है। अब इस लुकआउट नोटिस से उसे किस एयरपोर्ट पर पकड़ा जाएगा, वह तो देश से पहले ही भाग चुका है।










