सोशल संवाद / रांची : सरकार ने वर्ष 2027 लिए सरकारी कार्यालयों, सरकारी उपक्रमों और राष्ट्रीयकृत बैंकों में सार्वजनिक एवं अन्य अवकाश की घोषणा कर दी है। बुधवार को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में वर्ष 2027 के अवकाश कैलेंडर को मंजूरी दी गई। कुल 23 दिनों के राजपत्रित अवकाश घोषित किए गए हैं। इसमें राष्ट्रीय पर्वों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व के त्योहारों को शामिल किया गया है।
यह भी पढे : सहायक विषय से भी बन सकेंगे टीजीटी शिक्षक : हाईकोर्ट
अवकाश कैलेंडर के अनुसार, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर, 22 मार्च को होलिका दहन और 23 मार्च को होली की छुट्टी रहेगी। 26 मार्च को गुड फ्राइडे और 9 अप्रैल को सरहुल का अवकाश होगा।
इसके बाद 14 अप्रैल को डॉ भीमराव आंबेडकर जयंती, 15 अप्रैल को रामनवमी और 19 अप्रैल को महावीर जयंती की छुट्टी रहेगी। इसी तरह 17 मई को ईद-उल-जुहा (बकरीद), 20 मई को बुद्ध पूर्णिमा और पंडित रघुनाथ मुर्मू का जन्मदिवस तथा 16 जून को मुहर्रम का अवकाश रहेगा। 25 अगस्त को जन्माष्टमी और 11 सितंबर को करमा पूजा की छुट्टी घोषित की गई है। दो अक्तूबर को महात्मा गांधी जयंती पर भी अवकाश रहेगा।
मिलाद-उन-नबी और गुरु नानक जयंती का अवकाश अलग सेः
प्रस्ताव में पैगंबर मोहम्मद के जन्मदिवस मिलाद-उन-नबी या ईद-ए-मिलाद तथा गुरु नानक जयंती पर अलग से अवकाश घोषित करने का उल्लेख है। वहीं, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस रविवार पड़ने के कारण सामान्य राजपत्रित अवकाश की सूची में शामिल नहीं किया गया है। हालांकि, वैसे प्रतिष्ठानों में जहां रविवार सामान्य कार्यदिवस होता है, वहां 15 अगस्त को अवकाश रहेगा।
दुर्गापूजा और दीपावली पर लगातार छुट्टियां
दुर्गापूजा के अवसर पर 7 अक्तूबर को महाअष्टमी, 8 अक्तूबर को महानवमी और 9 अक्तूबर को विजयादशमी का अवकाश रहेगा। इसके बाद 29 अक्तूबर को दीपावली की छुट्टी होगी। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर 4 नवंबर को सूर्य षष्ठी (सायंकालीन अर्घ्य) और 5 नवंबर को सूर्य षष्ठी (प्रातः कालीन अर्घ्य) का अवकाश रहेगा। वर्ष के अंतिम राजपत्रित अवकाश के रूप में 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी होगी।











