---Advertisement---

टीएमसी के भ्रष्टाचार और भाजपा की ध्रुवीकरण राजनीति के विरोध में कांग्रेस ने पेश किया तीसरा मजबूत विकल्प

By Muskan Thakur

Published :

Follow

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद/डेस्क : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंकते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कोलकाता में प्रदेश के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया है। घोषणापत्र में कांग्रेस द्वारा महिलाओं, युवाओं, किसानों समेत विभिन्न वर्गों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं।

ये भी पढे : हावड़ा-बड़बिल जनशताब्दी 7 दिन से बंद, यात्रियों का फूटा गुस्सा, जनप्रतिनिधियों पर सवाल

इस दौरान आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस अध्यक्ष के साथ पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महासचिव गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार, पूर्व सांसद प्रदीप भट्टाचार्य और सांसद ईशा खान चौधरी आदि नेता मौजूद थे।

कांग्रेस की राजनीतिक लाइन स्पष्ट करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि बंगाल की जनता वर्तमान में भ्रष्टाचार व ध्रुवीकरण के बीच फंसी हुई है और कांग्रेस उन्हें एक मजबूत विकल्प प्रदान कर रही है। बंगाल की जनता के सामने तीन विकल्प का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहला टीएमसी का रास्ता है, जहां भ्रष्टाचार का बोलबाला है। दूसरा भाजपा का रास्ता है, जहां नफरत फैलाई जाती है लोगों को धर्म के नाम पर बांटा जाता है। तीसरा कांग्रेस का रास्ता है, जो वेलफेयर, जॉब्स और सिस्टम रिफॉर्म (कर्नाटक और तेलंगाना मॉडल) की बात करता है।

खरगे ने घोषणापत्र के वादे गिनाते हुए कहा कि अब निर्णय जनता को करना है कि उसे शॉर्ट टर्म पॉलिटिक्स चाहिए या लॉन्ग टर्म प्रोग्रेस। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दूसरे राज्यों में काम करके दिखाया है, जितनी भी गारंटी कांग्रेस ने दी हैं, उन्हें पूरा किया है।

खरगे ने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। बेटियों को पोस्ट ग्रेजुएशन तक की शिक्षा पूरी तरह मुफ्त दी जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित किए जाएंगे।

बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने ‘एंप्लॉयमेंट गारंटी मिशन’ का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सभी सरकारी रिक्तियों को तुरंत भरा जाएगा और युवाओं को राज्य में ही नौकरी दी जाएगी। हर जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर खोले जाएंगे। उन्होंने प्रदेश में औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने का भी वादा करते हुए कहा कि एक समय कोलकाता इंडस्ट्री के लिए मशहूर था, लेकिन आज यहां के युवा काम करने के लिए दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं।

किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए उन्होंने बताया कि किसानों को सालाना 15,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने महत्त्वपूर्ण घोषणा करते हुए यह भी बताया कि राज्य के नागरिकों को 10 लाख रुपये का हेल्थ कवर मिलेगा। स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह स्टेट-फंडेड और किफायती होंगी।

मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्य की सत्ताधारी टीएमसी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बंगाल में पिछले 15 साल से तृणमूल कांग्रेस की सरकार है, लेकिन उद्योग और रोजगार के मामले में प्रदेश पिछड़ गया है। उन्होंने टीएमसी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मंत्रियों के घर से करोड़ों रुपये बरामद होने का जिक्र भी किया।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने भी युवाओं से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं किया। भाजपा के पास ध्रुवीकरण और डर के अलावा कोई रोडमैप नहीं है। वह संस्थाओं पर कब्जा कर विपक्ष को डराने का काम कर रही है।

वहीं जयराम रमेश ने कहा कि ठीक 20 साल बाद कांग्रेस अपने दम पर बंगाल में चुनाव लड़ रही है। उन्होंने इसे पार्टी और बंगाल की जनता के लिए बूस्टर डोज बताया।

जयराम रमेश ने विशेष गहन पुनरीक्षण पर चिंता जताई और कहा कि भारत के संविधान की मूल प्रति में रेखाचित्र बनाने वाले नंदलाल बोस जैसे महान कलाकार के परिवार के सदस्यों को भी वोटर लिस्ट से हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और चुनाव आयोग विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर जनता पर तोप चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो रही है और वह उम्मीद करते हैं कि सभी नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। उन्होंने भाजपा पर रवींद्रनाथ टैगोर को बदनाम करने का भी आरोप लगाया।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version