सोशल संवाद / सरायकेला : सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला सुलेखा महतो की मौत हो गई। जिला समाहरणालय (डीसी कार्यालय) के समीप टीवीएस शोरूम के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

यह भी पढे : क्या है 1 Watt Rule? यह आसान तरीका हर महीने आपके बिजली बिल में कर सकता है बचत
जानकारी के अनुसार, सुलेखा महतो अपने देवर के साथ किसी आवश्यक कार्य से डीसी कार्यालय आई थीं। कार्य समाप्त होने के बाद दोनों सोनुवा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डीसी कार्यालय के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुलेखा महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चालक घटनास्थल से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति लगातार दुर्घटनाओं को बढ़ावा दे रही है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और यातायात का बढ़ता दबाव लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बन गया है।
स्थानीय नागरिकों ने सड़क की तत्काल मरम्मत, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और नियमित निगरानी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में भी ऐसे दर्दनाक हादसे होते रहेंगे। प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र और प्रभावी कदम उठाने की अपील की गई है।










