सोशल संवाद / डेस्क : आपके घर या ऑफिस में Jio, Airtel, Vi या BSNL में से किस कंपनी का मोबाइल नेटवर्क सबसे अच्छा है? अब इसका पता लगाना आसान हो गया है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने Network Anubhav Platform लॉन्च किया है। इस पोर्टल की मदद से यूजर्स अपने इलाके में मोबाइल नेटवर्क और ब्रॉडबैंड की स्पीड, कवरेज और दूसरे नेटवर्क से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं। खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों के नेटवर्क की तुलना भी की जा सकती है।
यह भी पढे : International Flights में भी Digi Yatra का ट्रायल शुरू, अब चेहरे से होगी एयरपोर्ट पर पहचान
क्या है TRAI का Network Anubhav Platform?
TRAI का Network Anubhav एक जियोस्पेशियल और एनालिटिकल डैशबोर्ड है। इस पर MySpeed और MyCall ऐप से मिले यूजर टेस्ट डेटा के साथ TRAI के Independent Drive Test (IDT) के नतीजे भी उपलब्ध हैं।
इस प्लेटफॉर्म के जरिए यूजर्स अपने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क और फिक्स्ड ब्रॉडबैंड की स्थिति समझ सकते हैं। इसमें डाउनलोड स्पीड, अपलोड स्पीड और नेटवर्क कवरेज से जुड़ी जानकारी मिलती है। यूजर्स मैप को जूम करके अलग-अलग इलाकों के नेटवर्क प्रदर्शन को भी देख सकते हैं।
कैसे चेक करें अपने इलाके में किस कंपनी का नेटवर्क है बेहतर?
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके घर, ऑफिस या आसपास के इलाके में किस टेलीकॉम कंपनी का नेटवर्क बेहतर है, तो इन स्टेप्स को फॉलो करें।
- सबसे पहले TRAI के आधिकारिक पोर्टल Network Anubhav पर जाएं।
- पोर्टल पर MySpeed Network Experience Dashboard को चुनें।
- Cellular या Fixed Broadband में से अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प चुनें।
- इसके बाद अपनी पसंद के टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर को चुनें।
- उपलब्ध मैप पर अपने इलाके को जूम करके नेटवर्क से जुड़ी जानकारी देखें।
- डाउनलोड और अपलोड स्पीड सहित उपलब्ध नेटवर्क डेटा को समझने के लिए फिल्टर और रिपोर्ट का इस्तेमाल करें।
इस तरह आप अपने इलाके में अलग-अलग कंपनियों के नेटवर्क प्रदर्शन की तुलना कर सकते हैं।
क्या है P50, P80 और P90 स्पीड का मतलब?
TRAI के इस प्लेटफॉर्म पर नेटवर्क स्पीड को समझने के लिए तीन तरह के आंकड़े दिखाए जाते हैं।
- P50 (Median Speed): इसका मतलब है कि आधे यूजर टेस्ट में इस स्पीड के बराबर या इससे ज्यादा स्पीड दर्ज हुई।
- P80 (Mobile Broadband): मोबाइल ब्रॉडबैंड के 80 प्रतिशत टेस्ट में इस स्पीड के बराबर या इससे ज्यादा स्पीड मिली।
- P90 (Fixed Broadband): फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के 90 प्रतिशत टेस्ट में इस स्पीड के बराबर या इससे ज्यादा स्पीड दर्ज हुई।
ये आंकड़े यूजर्स द्वारा किए गए टेस्ट पर आधारित हैं। इसलिए इन्हें नेटवर्क की पूरी और मानकीकृत गुणवत्ता का अंतिम आकलन नहीं माना जाना चाहिए।
DND की सुविधा भी मिलेगी ऑनलाइन
Network Anubhav प्लेटफॉर्म पर सिर्फ इंटरनेट स्पीड ही नहीं, बल्कि TRAI की Do Not Disturb (DND) सेवाओं का भी एक्सेस दिया गया है। इसके जरिए यूजर्स अनचाहे प्रमोशनल कॉल और मैसेज की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
इसके अलावा अपनी शिकायत का स्टेटस ट्रैक करने, कमर्शियल कम्युनिकेशन से जुड़ी प्राथमिकताएं तय करने और अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियों की शिकायतों की जानकारी देखने की सुविधा भी मिलेगी।
टेलीकॉम कंपनियों को भी मिलेगा फायदा
इस प्लेटफॉर्म से सिर्फ आम उपभोक्ताओं को ही नहीं, बल्कि टेलीकॉम कंपनियों और TRAI को भी फायदा होगा। कंपनियां यूजर टेस्ट के जरिए उन इलाकों की पहचान कर सकेंगी जहां नेटवर्क कवरेज, कॉल क्वालिटी या इंटरनेट स्पीड में सुधार की जरूरत है।
TRAI भी इन आंकड़ों की मदद से नेटवर्क सेवाओं और उपभोक्ताओं के अनुभव पर नजर रख सकेगा।











