सोशल संवाद/डेस्क: चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले मुर्गा महादेव स्टेशन के पास सोमवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा सामने आया है, जहां एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। यह घटना करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हादसे के तुरंत बाद अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह से बाधित हो गया, जिससे इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: माननीय विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता का सदन में वक्तव्य
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। इसके साथ ही रिलीफ ट्रेन और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना की गई है। रेलवे अधिकारी ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त कर परिचालन बहाल करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। फिलहाल, क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और पटरी की मरम्मत का काम तेजी से जारी है।
इस हादसे के बाद रेलवे कर्मचारियों के बीच चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। कई कर्मचारी इसे महज संयोग मानने को तैयार नहीं हैं, क्योंकि इससे पहले भी दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा के दौरे के दौरान इस मंडल में इसी तरह के हादसे सामने आ चुके हैं। राउरकेला और डांगुवापोसी में भी उनके दौरे के दौरान रेल दुर्घटनाएं हुई थीं। यहां तक कि एक बार उनके विशेष सैलून कोच के साथ भी पटरी से उतरने की घटना हो चुकी है, जिसने उस समय भी कई सवाल खड़े किए थे।
गौरतलब है कि इस बार भी जीएम अनिल कुमार मिश्रा टाटानगर पहुंचे हुए हैं, जहां वे एक अत्याधुनिक रेलवे ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन करने आए हैं। ऐसे में एक बार फिर उनके दौरे के दौरान हुए इस हादसे ने कई तरह की चर्चाओं और सवालों को जन्म दे दिया है।
फिलहाल, रेलवे प्रशासन का पूरा ध्यान स्थिति को सामान्य करने पर है। चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय और डांगुवापोसी से अतिरिक्त टीमें भी घटनास्थल के लिए भेजी गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक को जल्द बहाल कर ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, जब तक पूरी तरह से ट्रैक सुरक्षित घोषित नहीं हो जाता, तब तक इस रूट पर सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी जरूर लें और अफवाहों से बचें। वहीं, इस हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









