सोशल संवाद/डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। वेनेजुएला के खिलाफ सख्त कार्रवाई के बाद अब ट्रंप ने भारत को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि यदि हालात नहीं बदले तो भारत पर लगाए गए टैरिफ को और बढ़ाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: Venezuela में अमेरिकी ऑपरेशन, मादुरो का शासन मिनटों में धराशायी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप ने भारत पर पहले से लगाए गए टैरिफ का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी बात की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी एक अच्छे इंसान हैं और वह जानते थे कि भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने पर अमेरिका खुश नहीं है। ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर भारत रूसी तेल की खरीद जारी रखता है तो उस पर जल्द ही और सख्त टैरिफ लगाया जा सकता है।
गौरतलब है कि अगस्त 2025 में ट्रंप प्रशासन ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लागू किया था। इसकी वजह भारत और रूस के बीच चल रहा तेल व्यापार बताया गया था। इस फैसले का असर दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्तों पर भी पड़ा और लंबे समय तक ट्रेड डील आगे नहीं बढ़ सकी।
अमेरिका चाहता था कि भारत अपने बाजार को अमेरिकी उत्पादों के लिए पूरी तरह खोले, खासकर डेयरी और कृषि क्षेत्र में, लेकिन भारत ने इस दबाव को स्वीकार नहीं किया। भारत और रूस के बीच पुराने और मजबूत संबंध रहे हैं, जिससे ट्रंप लगातार असहज नजर आते रहे हैं। उनके हालिया बयान से एक बार फिर साफ हो गया है कि भारत-रूस संबंध अमेरिका की चिंता का विषय बने हुए हैं।










