सोशल संवाद / डेस्क : UP Police Jobs उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए खुशखबरी है। जिस भर्ती का लंबे समय से इंतज़ार था, वो अब हकीकत बनने जा रही है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अपने आधिकारिक कैलेंडर में घोषणा की है कि 22,605 कांस्टेबल पदों पर भर्ती प्रक्रिया नवंबर 2025 में शुरू होगी। इस भर्ती में उम्मीदवारों को नागरिक पुलिस, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल, महिला पीएसी, सशस्त्र पुलिस, जेल वार्डर और घुड़सवार पुलिस में काम करने का मौका मिलेगा।

यह भी पढे : एमपी पुलिस भर्ती 2025: 7500 पदों पर होगी भर्ती, आवेदन प्रक्रिया शुरू
यह घोषणा यूपी सरकार के मिशन रोज़गार के तहत की गई है। अगस्त महीने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस विभाग में 30 हज़ार नई भर्तियाँ करने की बात कही थी। अब इसका एक बड़ा हिस्सा नवंबर में सामने आएगा।
कैलेंडर क्या कहता है?
कैलेंडर के अनुसार, पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के कुल 921 पदों के लिए परीक्षा अक्टूबर और नवंबर 2025 में आयोजित की जाएगी। वहीं, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,129 पदों के लिए लिखित परीक्षा भी इन्हीं महीनों में होगी। उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस, प्लाटून कमांडर पीएसी और विशेष सुरक्षा बल में 4,543 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना अगस्त 2025 में जारी की जाएगी। इसके अलावा, सहायक रेडियो ऑपरेटर के 44 और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,153 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अक्टूबर-नवंबर 2025 में शुरू होगी।
सिपाही भर्ती
सिपाहियों की भर्ती को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा है। नवंबर 2025 में आरक्षी नागरिक पुलिस, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल, महिला पीएसी, सशस्त्र पुलिस, जेल वार्डर और घुड़सवार पुलिस के 22,605 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके बाद दिसंबर 2025 में पुलिस सब इंस्पेक्टर (गोपनीय), असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (लिपिक) और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एकाउंट) के 345 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन आएगा।

बोर्ड ने साझा की जानकारी
भर्ती बोर्ड ने सब इंस्पेक्टर भर्ती की जानकारी भी साझा की है। सब इंस्पेक्टर और समकक्ष के 4,543 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया हाल ही में पूरी हुई है। इस भर्ती के लिए 15 लाख 75 हज़ार से ज़्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें लगभग 11.66 लाख पुरुष और 4.09 लाख महिलाएं शामिल हैं। यह आंकड़ा बताता है कि यूपी पुलिस भर्ती को लेकर युवाओं में कितना उत्साह है।










