सोशल संवाद / चक्रधरपुर : बीती शाम चक्रधरपुर–सोनुआ मुख्य मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल उत्पन्न हो गया। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों एवं मृतकों के परिजनों ने पुलिस प्रशासन से उचित मुआवज़े की मांग की, लेकिन परिजनों का आरोप था कि प्रशासन की ओर से दिया गया मुआवज़ा संतोषजनक नहीं था।
यह भी पढे : पश्चिम सिंहभूम में संचालित 24 निशुल्क ग्रामीण पुस्तकालयों की पहल की उपायुक्त ने की सराहना
मुआवज़े की मांग को लेकर रविवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं मृतकों के परिजन चक्रधरपुर–रांची मुख्य मार्ग एनएच-75 पर उतर आए और सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर धरना देते हुए स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सड़क जाम के कारण एनएच-75 पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
इस दौरान थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने प्रदर्शनकारियों एवं मृतकों के परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने का आश्वासन दिया। थाना प्रभारी के हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई के भरोसे के बाद ग्रामीण शांत हुए और कई घंटों बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।










