सोशल संवाद / जमशेदपुर : अब एमजीएम अस्पताल में विटामिन डी-3, थायराइड सहित अन्य तरह की जांच की सुविधा लोगों को मिलने लगी है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को काफी सहूलियत हो रही है। अस्पताल के डिमना शिफ्ट होने के बाद यहां की पैथोलॉजी सेवाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है। अब अस्पताल में कई ऐसी जांच शुरू हो गई हैं, जो पहले उपलब्ध नहीं थीं और जिनके लिए मरीजों को निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ता था।
यह भी पढे : कांड्रा में अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कोयला लदे चार वाहन जब्त
अस्पताल के स्थानांतरित होने के बाद कुछ समय तक एक निजी कंपनी के माध्यम से पैथोलॉजी सेवाएं संचालित की जा रही थीं। बाद में विभाग द्वारा कंपनी को हटाए जाने के बाद अस्पताल की पुरानी पैथोलॉजी में सीमित जांच ही हो पा रही थी। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए निजी पैथोलॉजी केंद्रों में जाना पड़ता था, जहां उन्हें अधिक खर्च करना पड़ता था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने एमजीएम अस्पताल में सेंट्रल पैथोलॉजी की स्थापना की और इसके लिए कई आधुनिक व उपयोगी मशीनें उपलब्ध कराई गईं। हालांकि, शुरुआत में
रीएजेंट की कमी के कारण जांच सेवाएं सीमित थीं, लेकिन अब आवश्यक रीएजेंट (केमिकल) उपलब्ध होने के बाद कई नई जांच शुरू कर दी गई हैं। अस्पताल में अब ओपीडी और भर्ती मरीजों को कई प्रकार की जांच की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। इससे मरीजों को बाहर जाकर हजारों रुपये खर्च नहीं करने पड़ेंगे।









