सोशल संवाद / चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले में निजी विद्यालयों द्वारा “प्रमोशन फीस” के नाम पर अवैध वसूली का मामला गंभीर रूप लेता जा रहा है। इस संबंध में मानवाधिकार कार्यकर्ता बैरम खान द्वारा जिला प्रशासन से लेकर केंद्र सरकार तक शिकायत दर्ज कराई गई है।
यह भी पढे : रामनवमी जुलूस में युवक की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
बैरम खान ने बताया कि जिले के कई निजी विद्यालय “री-एडमिशन फीस” पर रोक के बावजूद अब “प्रमोशन फीस” के नाम पर अभिभावकों से पैसे वसूल रहे हैं। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक वर्ष बिना किसी शैक्षणिक आवश्यकता के किताबें बदल दी जाती हैं तथा अभिभावकों को निर्धारित दुकानों से ही सामग्री खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था से जिले के लगभग 4000 से 5000 परिवार प्रभावित हो रहे हैं, जिससे मध्यम एवं निम्न वर्गीय परिवारों पर अत्यधिक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इस मामले में बैरम खान ने उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम से मुलाकात कर स्वतंत्र जांच समिति गठन की मांग की है। साथ ही इस संबंध में केंद्र सरकार के लोक शिकायत पोर्टल (PG Portal) पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसका पंजीकरण संख्या DOSEL/E/2026/0003871 है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी विद्यालयों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा अभिभावकों को राहत प्रदान की जाए। बैरम खान ने कहा कि यदि समय रहते इस पर कार्रवाई नहीं की गई तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।









