सोशल संवाद/डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे फेज की 122 सीटों पर वोटिंग 11 नंवबर को होनी है। मतदान मंगलवार सुबह 7 बजे से शुरू होगा। इसके लिए 45,399 बूथ बनाए गए हैं। आज शाम तक चुनाव कर्मी EVM लेकर बूथों पर पहुंच जाएंगे। 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा चुनाव का रिजल्ट 14 नवंबर को आएगा। पहले फेज में रिकॉर्ड 65% वोटिंग हुई थी।

यह भी पढ़ें: Co-operative कॉलेज डिस्पैच सेंटर से जीपीएस युक्त वाहनों में मतदान दलों को किया रवाना
इमामगंज प्रखंड के हेरहज, पथरा और केवलडीह गांव के मतदाता लगभग 25 साल बाद अपने गांव में ही मतदान कर सकेंगे। 2001 में आखिरी बार वोटिंग के बाद से इन तीनों गांवों के लोग वोट नहीं डाल पा रहे थे। दरअसल, नक्सलियों के कारण प्रशासन ने इन गांवों का पोलिंग बूथ 10–12 किमी दूर सलैया बना दिया था। दूरी और ट्रांसपोर्ट की कमी के चलते ग्रामीण वहां तक नहीं पहुंच पाते थे, जिससे लोग वोटिंग से वंचित रह जाते थे।
बीमार कहे गए नीतीश, 25 दिन में की 181 रैलियां
बिहार चुनाव में सीएम नीतीश कुमार की सेहत को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए। किसी क्रिकेटर की तरह सीएम ने जुबानी जवाब देने की जगह ताबड़तोड़ जनसभाएं कर बता दिया कि उनकी ऊर्जा कम नहीं हुई है।
16 अक्टूबर से 9 नवंबर तक नीतीश ने 181 जनसभाएं की। रोड शो किए। हर दिन जनता के बीच करीब 8 घंटे रहे। 25 दिन में 1448 घंटे फील्ड पर रहे। उन्होंने अपनी सभाओं में 543 बार कहा, ‘उ लोग (लालू परिवार) कुछ नहीं किया, सब हमने किया’।
सम्राट चौधरी को अयोग्य ठहराने की मांग वाली याचिका खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को चुनाव में अयोग्य ठहराने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया है। यह याचिका हैदराबाद के एक निवासी ने दायर की गई थी। मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की दो बेंचों ने की, और अदालत ने स्पष्ट कहा, न्यायालय का समय बर्बाद न करें।
याचिका में कहा गया, सम्राट चौधरी ने उम्मीदवार के तौर पर गलत डेट ऑफ बर्थ और उम्र के साथ कई हलफनामे दायर किए, जिनमें 1995 में आपराधिक कार्यवाही के लिए 15 साल का नाबालिग होने का दावा करना, जबकि 1999 के चुनाव के लिए 25 साल से अधिक उम्र का दावा करना और बाद में 2020 और 2025 के चुनावी हलफनामों में गलत उम्र बताया गया। याचिका में उनका नामांकन रद्द करने, FIR दर्ज करने और निर्वाचन आयोग को जांच के निर्देश देने की मांग की गई थी।










