सोशल संवाद / डेस्क : उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित चैतन्य बिहार के महर्षि पाणिनि संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। गुरुकुल परिसर में बने करीब 12 फीट गहरे सबमर्सिबल पानी के टैंक की सफाई के दौरान चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़े : महंगाई बढ़ी, अब कर्ज लेना और चुकाना भी महंगा:RBI की चेतावनी- आगे कीमतें और बढ़ेंगी
प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका है कि टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आने से छात्रों की तबीयत बिगड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान चलाया।
एक छात्र के टैंक में उतरने के बाद हुआ हादसा
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के अनुसार, गुरुकुल परिसर में बने पानी के टैंक से बदबू आने के बाद उसकी सफाई करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान सबसे पहले एक छात्र टैंक के अंदर उतरा, लेकिन कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया।
बाहर मौजूद छात्रों ने जब उसे आवाज दी और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो अन्य छात्र उसकी मदद के लिए एक-एक कर टैंक के अंदर उतर गए। बताया जा रहा है कि इसके बाद चार अन्य छात्र भी अंदर अचेत हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से छात्रों को टैंक से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
चार छात्रों की मौत, एक की हालत गंभीर
अस्पताल में चिकित्सकों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जबलपुर निवासी 20 वर्षीय मनु कटारे, मध्य प्रदेश निवासी 18 वर्षीय देवांश, मेरठ निवासी 17 वर्षीय विशु और प्रयागराज निवासी 17 वर्षीय आर्यन पांडे के रूप में हुई है।
वहीं, 18 वर्षीय रुद्राक्ष का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई गई है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गुरुकुल में मौजूद छात्रों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना की जानकारी ली।
हादसे की वजह की जांच जारी
प्रशासन की शुरुआती जांच में टैंक के अंदर जहरीली गैस की आशंका जताई गई है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि गुरुकुल का संचालन किस व्यवस्था के तहत किया जा रहा था और टैंक की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
CCTV फुटेज की भी होगी जांच
एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, गुरुकुल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। हादसे की परिस्थितियों को समझने के लिए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जाएगी। मृत छात्रों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने लिया घटना का संज्ञान
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने भी मामले का संज्ञान लिया है। प्रशासन की ओर से मृत छात्रों के परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। हादसे से जुड़े सुरक्षा पहलुओं और टैंक की स्थिति की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी वजह सामने आ सके।











