सोशल संवाद/डेस्क: सोशल मीडिया और नॉलेज फोरम पर इन दिनों VB G RAM G नाम तेजी से चर्चा में है। बड़ी संख्या में लोग इसके अर्थ और उद्देश्य को जानना चाहते हैं। सिर्फ VB G RAM G ही नहीं, बल्कि PM-YASASVI, PMSS, NMMSS, CSIS जैसे कई सरकारी शॉर्ट फॉर्म्स ऐसे हैं, जिनके फुल फॉर्म और उद्देश्य सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। अक्सर इन योजनाओं से जुड़े सवाल लिखित परीक्षाओं और इंटरव्यू में पूछे जाते हैं।
यह भी पढ़ें: Justice MS Sonak होंगे झारखंड हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस, सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम की सिफारिश
PMSS यानी प्रधानमंत्री स्कॉलरशिप योजना की शुरुआत वर्ष 2006-07 में की गई थी। इस योजना के तहत पात्र छात्रों को आर्थिक सहायता दी जाती है और इसके लिए आवेदन नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से किए जाते हैं। वहीं NMMSS का पूरा नाम नेशनल मींस-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम है, जिसे वर्ष 2008 में शुरू किया गया था और इसका उद्देश्य मेधावी लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को पढ़ाई जारी रखने में मदद करना है।
इसके अलावा PM-YASASVI का फुल फॉर्म पीएम यंग अचीवर्स स्कॉलरशिप अवॉर्ड स्कीम फॉर वाइब्रेंट इंडिया है, जो प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए लागू की गई है। चर्चा में रहा VB G RAM G दरअसल विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण का संक्षिप्त रूप है। इसे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका से जोड़ने वाले नए मॉडल के रूप में देखा जा रहा है और इसे मनरेगा के संभावित विकल्प के तौर पर भी चर्चा मिल रही है।
वहीं CSIS का पूरा नाम सेंट्रल सेक्टर इंटरेस्ट सब्सिडी है, जो विद्या लक्ष्मी एजुकेशन लोन स्कीम से जुड़ी हुई है। इसके अलावा MGNREGA यानी महात्मा गांधी नेशनल रूरल एम्प्लॉयमेंट गारंटी एक्ट ग्रामीण रोजगार से जुड़ी प्रमुख योजना है। PMJDY का अर्थ प्रधानमंत्री जन-धन योजना है, जिसकी शुरुआत 2014 में हुई थी, जबकि PM-SYM यानी प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना 2019 में शुरू की गई एक सरकारी पेंशन स्कीम है। इन सभी योजनाओं की जानकारी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बेहद उपयोगी मानी जाती है।










