सोशल संवाद / सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र के कोलाबिरा में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और वरीय प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथीटांड़ निवासी शंभू चरण महतो कदमा से दुगनी की ओर दवा लेने जा रहे थे। उनके साथ रापचा निवासी फुलसरी महतो बाइक पर सवार थीं। इसी दौरान कोलाबिरा के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फुलसरी महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि शंभू चरण महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और दुगनी क्षेत्र में हाईवा को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि जिले में भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार जानलेवा साबित हो रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा, दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। समाचार लिखे जाने तक शव घटनास्थल पर ही रखा हुआ था तथा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे हुए थे। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।










