सोशल संवाद/डेस्क: मोबाइल कंपनियों के नए नियमों के बाद अब बिना रिचार्ज के नंबर लंबे समय तक चालू नहीं रह पाते। पहले कंपनियां कई ऑफर देती थीं, इसलिए लोगों ने कई-कई सिम कार्ड ले लिए थे। लेकिन अब नंबर चालू रखने के लिए नियमित रिचार्ज जरूरी हो गया है।
यह भी पढ़ें: सोना देवी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने रांची स्थित भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान का किया शैक्षणिक भ्रमण
ऐसे में कई लोग अपने पुराने या कम इस्तेमाल होने वाले नंबरों को रिचार्ज नहीं कराते। लंबे समय तक बंद रहने के बाद ये नंबर दूसरे लोगों को आवंटित कर दिए जाते हैं। यही वजह है कि अब लोगों के लिए सावधान रहना बेहद जरूरी हो गया है।
अगर आपका कोई पुराना मोबाइल नंबर बैंक खाते से जुड़ा है और आपने उसे बंद कर दिया है, तो तुरंत बैंक जाकर उसे डी-लिंक करा लें। ऐसा नहीं करने पर बैंक से जुड़ी जानकारी और पैसे गलत व्यक्ति तक पहुंच सकते हैं।
जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां एक व्यक्ति ने मोबाइल नंबर पर पैसे भेजे, लेकिन वह रकम असली व्यक्ति के पास नहीं पहुंची। बाद में पता चला कि नंबर किसी और को आवंटित हो चुका था और पैसे उसी के खाते में चले गए।
टेलीकॉम नियमों के अनुसार ज्यादातर कंपनियां 90 दिनों तक रिचार्ज नहीं होने पर नंबर बंद कर देती हैं और फिर उसे दूसरे ग्राहक को दे दिया जाता है। वहीं, बीएसएनएल में यह अवधि लगभग 180 दिन होती है। ऐसे में अपने मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।









