---Advertisement---
Banner 1
Banner 2

टाटानगर स्टेशन हादसे में झुलसे युवक की मौत, मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन

By Riya Kumari

Published :

Follow
टाटानगर स्टेशन हादसे में झुलसे युवक की मौत, मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे स्टेशन के वाशिंग लाइन क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से झुलसे युवक आशीष मांझी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। रविवार को बड़ी संख्या में लोग टाटानगर स्टेशन पहुंचे और रेलवे प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित जीआरपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

यह भी पढे : LPG सिलेंडर फिर हुआ महंगा, घरेलू गैस के दाम में ₹29 की बढ़ोतरी; तीन महीने में दूसरी बार बढ़ी कीमत

मृतक के परिजनों ने रेलवे प्रशासन से उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी और हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रेलवे की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण एक युवा की जान चली गई।

AC मरम्मत के दौरान हुआ था हादसा

जानकारी के अनुसार, परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी आशीष मांझी 30 मई को टाटानगर स्टेशन के वाशिंग लाइन क्षेत्र में एसी मरम्मत का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वह एक रेलवे कोच की छत पर चढ़कर एसी यूनिट की मरम्मत कर रहे थे, तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए थे।

घटना के बाद सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया गया। कई दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार देर रात उनकी मौत हो गई।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

मृतक के परिजनों ने रेलवे प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वाशिंग लाइन जैसे संवेदनशील और जोखिम वाले क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया जाता तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

मांग पूरी होने तक पोस्टमार्टम नहीं

धरने पर बैठे लोगों ने साफ कहा कि जब तक रेलवे प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक वे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की अनुमति नहीं देंगे। प्रदर्शन के दौरान स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया।

परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज

आशीष मांझी की मौत के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय, उचित मुआवजा और रोजगार उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि परिवार के सामने उत्पन्न आर्थिक संकट को कुछ हद तक कम किया जा सके।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट