सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की प्रमुख यजमानी में शुक्रवार सुबह 8 बजे से 26वीं श्री रामार्चा पूजा विधि-विधान के साथ शुरू हुई। इस धार्मिक अनुष्ठान में सरयू राय अपने परिजनों के साथ मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने भी हिस्सा लिया।
यह भी पढे : Jharkhand Weather Alert: झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
गौरीकांत जी की देखरेख में आयोजित इस पूजा का विधान पांच स्थानीय विद्वान पंडितों द्वारा संपन्न कराया जा रहा है। इनमें विनोद पांडेय, धनजी पांडेय, घनश्याम मिश्रा, उपेंद्र मिश्रा और नवीन पांडेय शामिल हैं। अनुष्ठान के लिए विशेष बेदी बनाई गई है। धार्मिक परंपरा के अनुसार पूजा चार आवरणों में संपन्न होगी।
चार आवरणों में होगी देवी-देवताओं की पूजा
पहले आवरण में 39 से अधिक देवी-देवताओं की आराधना की जाएगी। दूसरे आवरण में नवग्रह, मंत्री, भगवान शिव सहित अन्य प्रमुख देवताओं का पूजन होगा। तीसरे आवरण में भगवान श्रीराम के पूरे परिवार, हनुमान जी और राजा दशरथ की पूजा की जाएगी। वहीं, चौथे आवरण में भगवान श्रीसीताराम की विशेष आराधना होगी।
पूजन के बाद श्री रामार्चा पूजा के धार्मिक महत्व और माहात्म्य का वर्णन किया जाएगा। इसके बाद हवन और आरती के साथ अनुष्ठान संपन्न होगा।
बारिश की आशंका से बदला महाप्रसाद वितरण स्थल
विधायक सरयू राय ने बताया कि बारिश की संभावना को देखते हुए 21 नवंबर को होने वाले महाप्रसाद वितरण के स्थल में बदलाव किया गया है। अब बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मिलानी हॉल पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।











