सोशल संवाद/डेस्क : राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में सर्वश्रेष्ठ कामनालिंग बाबा वैद्यनाथ पर जलार्पण के लिए कांवरियों व श्रद्धालुओं का महासमुद्र बाबानगरी में उमड़ पड़ा।
दूसरी सोमवारी पर बाबा को जल अर्पित करने के लिए रविवार से ही हर कदम बाबानगरी की ओर बढ़ती दिख रही थी। वहीं देर शाम के बाद वह रफ्तार काफी अधिक बढ़ गयी, जो पूरी रात अनवरत चलती रही। वहीं रविवार रात 9 बजे के बाद से ही जलार्पण करने के लिए कांवरियों व श्रद्धालुओं को कतारबद्ध भी होता देखा गया। रात करीबन 11 बजे तक बीएड कॉलेज का पंडाल भर चुका था।
उसके बाद रात के अनुसार कांवरियों व श्रद्धालुओं की कतार नंदन पहाड़ होते हुए चमारीडीह तक पहुंच गयी। प्रातः 3 बजे बाबा वैद्यनाथ मंदिर का पट खुलने के बाद बाबा वैद्यनाथ की कांचा जल और सरदारी पूजा के उपरांत चार बजे के बाद आम श्रद्धालुओं का जलार्पण शुरू कराया गया। तीन लाख 69 हजार 449 कांवरिया और श्रद्धालु बाबा वैद्यनाथ पर जलार्पण कर चुके थे।
वहीं पट बंद होने तक यह आंकड़ा 4 लाख पार करने का अनुमान लगाया जा रहा है। इस क्रम में बाह्य अरघा से जलार्पण के लिए भी लंबी कतार देखने को मिली। वहीं बाह्य अरघा के माध्यम से 2 लाख 41 हजार 863 जबकि आंतरिक अरघा से 1 लाख 27 हजार 586 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया।









