सोशल संवाद / चाईबासा: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। जिला समाहरणालय परिसर से तीन जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक और जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढे : Train Mobile Rules: ट्रेन में तेज आवाज में मोबाइल चलाने पर ₹1000 जुर्माना, 6 महीने की जेल
कार्यक्रम में मझगांव विधायक निरल पूर्ति, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।
स्वास्थ्य जागरूकता रथ से मलेरिया-डेंगू के प्रति करेंगे जागरूक
जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से निकाले गए जागरूकता रथ के माध्यम से शिशु सुरक्षा सप्ताह के साथ मलेरिया, डेंगू और टीबी जैसी बीमारियों से बचाव की जानकारी दी जाएगी। लोगों को बीमारियों के लक्षण, समय पर जांच, उपचार और सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और बच्चों की बेहतर देखभाल पर भी जोर दिया जाएगा।
बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करेगा शिक्षा रथ
जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से रवाना किए गए वाहन के माध्यम से पठन अभियान-2026 का प्रचार किया जाएगा। इसके तहत ‘मेरे शब्द-मेरी कहानी’ और ‘#IndiaGetsReading’ अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करना और पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा ‘प्रोजेक्ट परख- तैयारी उड़ान की’ के तहत विद्यालयों में होने वाली गतिविधियों और तिथि भोज सह जनमोत्सव की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। अभियान के जरिए अभिभावकों को स्कूलों से जोड़ने और बच्चों की नियमित उपस्थिति को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के कार्यक्रमों का होगा प्रचार
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से निकाले गए तीसरे जागरूकता वाहन के माध्यम से झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। इसके जरिए लोगों से विभिन्न आयोजनों में भाग लेने और राज्य के विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने की अपील की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गुब्बारे उड़ाकर भी जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता के लिए आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाना और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है। इन जागरूकता रथों के माध्यम से जिले के दूरदराज के गांवों तक पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।











