सोशल संवाद/डेस्क: सोशल मीडिया पर इन दिनों 500 रुपये के नोट को लेकर तरह-तरह के दावे वायरल हो रहे हैं, जिससे आम लोगों में चिंता का माहौल बन गया है। कुछ पोस्ट और वीडियो में यह दावा किया जा रहा है कि मार्च 2026 से 500 रुपये के नोट बंद कर दिए जाएंगे और एटीएम से भी ये नोट निकलने बंद हो जाएंगे। हालांकि इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है और सरकार ने इसे पूरी तरह भ्रामक बताया है।
यह भी पढ़ें: BPL एडमिशन पर विवाद, इंग्लिश मीडियम स्कूलों और सरकार में टकराव
सरकार की आधिकारिक फैक्ट-चेक एजेंसी प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने इन खबरों को फर्जी करार दिया है। PIB ने स्पष्ट किया है कि 500 रुपये का नोट पूरी तरह वैध है और इसे बंद करने या चलन से हटाने की कोई योजना नहीं है। पीआईबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर करें।
दरअसल, 500 रुपये के नोट को लेकर बार-बार चर्चा इसलिए होती है क्योंकि देश के ज्यादातर एटीएम में सबसे ज्यादा यही नोट उपलब्ध रहते हैं। इससे लोगों को बड़ी रकम निकालने में आसानी होती है। अगर यह नोट बंद होता, तो नकद लेनदेन पर बड़ा असर पड़ सकता था। हालांकि कुछ एटीएम में 100 और 200 रुपये के नोट भी होते हैं, लेकिन 500 रुपये का नोट कैश सिस्टम का अहम हिस्सा माना जाता है।
ऐसे में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। 500 रुपये का नोट पहले की तरह चलता रहेगा और नोटबंदी से जुड़ी खबरें सिर्फ अफवाह हैं।










