सोशल संवाद / डेस्क : कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस में अपने रिश्तेदारों को बैठाने पहुंचे 12 लोग उस समय मुसीबत में पड़ गए, जब ट्रेन के ऑटोमैटिक गेट बंद हो गए। गेट बंद होने के कारण सभी लोग ट्रेन के अंदर ही फंस गए। ट्रेन में उतरने की कोशिश के दौरान हंगामा भी हुआ। आखिरकार रेलवे कंट्रोल के निर्देश पर ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रुकवाकर सभी 12 लोगों को नीचे उतारा गया। इसके बाद उनसे कुल 36 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया और चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
यह भी पढ़े : Cyclone Akwan Alert: बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवाती तूफान, आंध्र प्रदेश से झारखंड तक भारी बारिश का अलर्ट
कानपुर स्टेशन पर ट्रेन के अंदर चले गए थे 12 लोग
जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 22415 बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार सुबह कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची थी। इस दौरान कानपुर के अलग-अलग इलाकों से आए 12 लोग अपने रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने के लिए अंदर चले गए। इसी बीच ट्रेन के स्वचालित गेट बंद हो गए।
वंदे भारत एक्सप्रेस के गेट निर्धारित ठहराव वाले स्टेशनों पर ही खुलते हैं। बनारस और प्रयागराज के बाद ट्रेन कानपुर में रुकती है और फिर सीधे नई दिल्ली पहुंचती है। ऐसे में अंदर फंसे लोगों के सामने उतरने का कोई रास्ता नहीं था।
ट्रेन में मचा हंगामा, इटावा में रोकी गई वंदे भारत
ट्रेन के अंदर फंसे लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। गेट नहीं खुलने पर उन्होंने ट्रेन रुकवाकर उतरने की कोशिश की। ट्रेन स्टाफ ने उन्हें समझाया, लेकिन कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद ट्रेन स्टाफ ने टूंडला कंट्रोल को सूचना दी। कंट्रोल के निर्देश पर रविवार सुबह 10:49 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस को इटावा जंक्शन पर रोका गया। स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रति व्यक्ति 3 हजार रुपये का जुर्माना
इटावा स्टेशन पर सभी 12 लोगों को ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक, कंट्रोल से सूचना मिलने के बाद ट्रेन रुकवाकर यात्रियों को उतारा गया।
हंगामा करने और प्लेटफॉर्म टिकट नहीं होने के कारण वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये का टिकट बनाया। इस तरह सभी 12 लोगों से कुल 36,000 रुपये जुर्माना वसूला गया। बाद में उन्हें दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया।











