सोशल संवाद / डेस्क : भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए अपने करीब 40 साल पुराने टिकट आरक्षण सिस्टम को आधुनिक बना रहा है। इस बदलाव के तहत अब तक 2,200 से अधिक ट्रेनों को नए पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) से जोड़ा जा चुका है। रेलवे ने अगस्त 2026 में इस प्रक्रिया की शुरुआत की थी।
यह भी पढे : Govindpur Halt: 18 करोड़ से बनेगा ब्लॉक स्टेशन, पांच रेल लाइनों का होगा विस्तार
रेलवे बोर्ड के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 तक 2,200 से ज्यादा ट्रेनें नए सिस्टम पर आ चुकी थीं। इस तकनीक को सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) विकसित कर रहा है।
टिकट बुकिंग और कैंसिलेशन होगा आसान
नया रिजर्वेशन सिस्टम टिकट बुकिंग, सीट आवंटन, वेटिंग लिस्ट, RAC और रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने जैसे कामों को बेहतर तरीके से संभालेगा। इससे यात्रियों को टिकट बुकिंग के दौरान होने वाली तकनीकी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, IRCTC अपनी वेबसाइट को भी अपग्रेड कर रहा है। इसके तहत सर्वर, स्टोरेज, नेटवर्क और सॉफ्टवेयर में बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि त्योहारों और तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट पर ज्यादा लोड होने से परेशानी न हो।
RailOne ऐप बताएगा वेटिंग टिकट कन्फर्म होने की संभावना
रेलवे के RailOne ऐप में AI की मदद से वेटिंग टिकट कन्फर्म होने की संभावना बताई जाती है। रेलवे के मुताबिक, इस फीचर की सटीकता पहले 53 प्रतिशत थी, जो बढ़कर 94 प्रतिशत हो गई है।
इस ऐप के जरिए यात्री रिजर्व्ड और अनरिजर्व्ड टिकट बुक करने के साथ टिकट कैंसिलेशन, रिफंड, ट्रेन की लाइव स्थिति, प्लेटफॉर्म नंबर और कोच की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
हालांकि, नए सिस्टम से टिकट कन्फर्म होने की गारंटी नहीं मिलेगी। टिकट कन्फर्म होना ट्रेन में सीटों की उपलब्धता, यात्रियों की संख्या और वेटिंग लिस्ट पर निर्भर करेगा।Amar Ujala Hindi News Live+3











