सोशल संवाद / जमशेदपुर : मानगो पुल पर मंगलवार शाम भीषण जाम लगने से शहर की रफ्तार थम गई। करीब दो घंटे तक पुल पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान आम राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिससे यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
यह भी पढे : रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम में बदलाव, 2200 ट्रेनों में नई सुविधा शुरू
शाम के व्यस्त समय में वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण मानगो पुल पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दोपहिया और चारपहिया वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे। पुल पार करने के लिए लोगों को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
मानगो पुल पर जाम की समस्या कोई नई बात नहीं है। यहां आए दिन जाम लगने से मानगो और जमशेदपुर के बीच आने-जाने वाले हजारों लोगों को परेशानी होती है। मंगलवार को करीब दो घंटे तक बनी जाम की स्थिति ने एक बार फिर यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
सबसे चिंताजनक बात यह रही कि जाम में एंबुलेंस भी फंस गई। आपातकालीन वाहन के लिए रास्ता नहीं मिलना यातायात प्रबंधन की गंभीर समस्या को दर्शाता है। अब सवाल यह है कि मानगो पुल पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को स्थायी राहत कब मिलेगी?











