सोशल संवाद / आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार को एमबीबीएस के दूसरे बैच का विधिवत शुभारंभ हुआ। नए शैक्षणिक सत्र में सभी 200 सीटों पर नामांकन पूरा हो चुका है। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे छात्र-छात्राओं के स्वागत के साथ नए सत्र की शुरुआत हुई। इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।
यह भी पढ़े : Jharkhand SIR 2026: अब 22 दिसंबर को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट, बढ़ी समयसीमा
उपायुक्त ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से चिकित्सा शिक्षा ग्रहण करने पहुंचे विद्यार्थियों को संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में कुशल चिकित्सक बनकर देश और समाज की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर संस्थानों की स्थापना से न केवल विद्यार्थियों को अवसर मिलते हैं, बल्कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।नए बैच के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के सचिव एवं नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल चिकित्सक तैयार करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं का विकास करना भी है।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा का पेशा सीधे मानव जीवन से जुड़ा है। ऐसे में विद्यार्थियों को शैक्षणिक दक्षता के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना होगा। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज पूरी तरह रैगिंग मुक्त संस्थान है। यहां विद्यार्थियों को भयमुक्त, अनुशासित और सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्थान प्रबंधन गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नए विद्यार्थियों से अनुशासन और समर्पण के साथ अध्ययन करने तथा संस्थान की गरिमा बनाए रखने की अपील की।करीब दो वर्ष पूर्व स्थापित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
संस्थान में एमबीबीएस के दूसरे बैच की पढ़ाई शुरू होने के साथ स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। संस्थान प्रबंधन के अनुसार, इसी वर्ष पीजी पाठ्यक्रम के लिए 20 सीटों की अनुमति प्राप्त हुई है। जल्द ही इन सीटों पर पढ़ाई शुरू करने की योजना है। इसके लिए आवश्यक शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा। पहले बैच के छात्र-छात्राओं ने नए विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। देश के विभिन्न राज्यों से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने पहुंचे विद्यार्थियों ने अपने नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत की। संस्थान प्रबंधन ने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।











