सोशल संवाद / जमशेदपुर: टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए लंच टाइम में बदलाव की तैयारी चल रही है। कंपनी की कैंटीन में दोपहर के भोजन के समय बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन ने इस समस्या का समाधान निकालने के लिए चर्चा शुरू की है। इसके तहत स्थायी कर्मचारियों के लिए अलग लंच टाइम निर्धारित करने या उन्हें भोजन के लिए अतिरिक्त समय देने पर विचार किया जा रहा है।
यह भी पढे : Tata Steel Jamshedpur: कर्मचारियों के लंच टाइम में बदलाव की तैयारी, जानिए क्या है नई व्यवस्था
टाटा स्टील में 15 बड़ी कैंटीन और 104 ट्रॉली पॉइंट
टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में कर्मचारियों के भोजन और नाश्ते के लिए 15 बड़ी कैंटीन और 104 ट्रॉली पॉइंट हैं। यहां प्रतिदिन 15 हजार से अधिक स्थायी और ठेका कर्मचारी भोजन करते हैं।
पहले स्थायी और ठेका कर्मचारियों के लिए अलग-अलग कैंटीन की व्यवस्था थी, लेकिन कुछ महीने पहले दोनों वर्गों के कर्मचारियों के लिए एक ही कैंटीन व्यवस्था लागू कर दी गई। इसके बाद लंच के समय कैंटीन में भीड़ बढ़ने लगी, जिससे कर्मचारियों को भोजन लेने में परेशानी हो रही है।
प्रबंधन और यूनियन के बीच हुई बैठक
कैंटीन में बढ़ती भीड़ की समस्या को लेकर टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के शीर्ष नेतृत्व के बीच ऑनलाइन बैठक हुई। इसमें कर्मचारियों को बेहतर सुविधा देने के लिए कई विकल्पों पर चर्चा की गई।
बैठक में स्थायी कर्मचारियों के लंच का समय अलग करने या उन्हें अतिरिक्त समय देने का सुझाव सामने आया। विभागीय चीफ और कमेटी मेंबर आपसी सहमति से भी इस संबंध में निर्णय ले सकते हैं। हालांकि, अभी तक इस व्यवस्था पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
बैठक में ये अधिकारी और यूनियन नेता रहे मौजूद
बैठक में कंपनी प्रबंधन की ओर से वाइस प्रेसिडेंट (जमशेदपुर ऑपरेशंस) चैतन्य भानु, चीफ पीपल ऑफिसर अत्रेयी सान्याल और ग्रुप चीफ आईआर जुबिन पालिया शामिल हुए।
वहीं, टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से अध्यक्ष संजीव चौधरी, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह और महासचिव सतीश सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। अब कर्मचारियों की नजरें प्रबंधन और यूनियन के अंतिम फैसले पर टिकी हैं।











