सोशल संवाद / जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा का सोमवार तड़के 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है।
अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी मां के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने भावुक संदेश में मां के स्नेह, ममता और जीवन में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने लिखा कि मां के जाने से उनके सिर से ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जीवन का सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया। मां के रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का महसूस होता था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी लिया था स्वास्थ्य का हाल
शायरा मुंडा लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके निधन से दो दिन पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी अर्जुन मुंडा से फोन पर बातचीत कर उनकी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी।
दोपहर एक बजे आवास से निकलेगी अंतिम यात्रा
अर्जुन मुंडा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, सोमवार 23 नवंबर को शायरा मुंडा की अंतिम यात्रा दोपहर एक बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित उनके आवास से निकलेगी। इसके बाद स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शायरा मुंडा के निधन से अर्जुन मुंडा के परिवार में गहरा शोक है। उनके निधन पर शुभचिंतक और परिचित शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।











