सोशल संवाद / डेस्क : रियलिटी शो ‘Bigg Boss 20’ के लेटेस्ट वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान ने दो कंटेस्टेंट्स को खास तोहफा दिया। बॉलीवुड सुपरस्टार ने सिंगर काजी तौकीर को शो से बाहर आने के बाद अपने साथ गाना करने का ऑफर दिया। वहीं, अरिश्फा खान को भी उनके साथ काम करने का मौका देने का वादा किया। सलमान के इन वादों से दोनों कंटेस्टेंट्स काफी खुश नजर आए।
यह भी पढे : Sapna Choudhary Divorce: 6 साल बाद वीर साहू से अलग होंगी सपना चौधरी, तलाक पर किया खुलासा
काजी तौकीर को सलमान खान देंगे गाना
बिग बॉस के घर में काजी तौकीर कई बार अपनी सिंगिंग का हुनर दिखा चुके हैं। वीकेंड का वार के दौरान सलमान खान ने उनकी आवाज की तारीफ करते हुए कहा कि शो से बाहर आने के बाद वह उन्हें एक गाना देंगे।
सलमान ने काजी से कहा, “जब तुम घर से बाहर आओगे, तो मैं तुम्हें एक गाना दूंगा।” यह ऑफर सुनकर काजी काफी खुश हुए और उन्होंने सलमान का शुक्रिया अदा किया।
खास बात यह है कि इससे पहले फिल्ममेकर रोहित शेट्टी भी काजी को अपनी आने वाली फिल्म में गाना गाने का ऑफर दे चुके हैं। ऐसे में शो के दौरान काजी को दो बड़े नामों से काम का मौका मिला है।
अरिश्फा खान के साथ भी सलमान ने किया वादा
एपिसोड में अरिश्फा खान ने सलमान खान के सामने अपने दिल की बात रखी। उन्होंने बताया कि सलमान उनके बचपन के क्रश रहे हैं और उनके साथ काम करना उनका पुराना सपना है।
अरिश्फा ने यह भी बताया कि बचपन में वह सलमान से शादी करने का सपना लेकर मुंबई आई थीं। उनकी बातें सुनकर सलमान खान हंसने लगे।
जब अरिश्फा ने पूछा कि क्या उन्हें कभी सलमान के साथ काम करने का मौका मिलेगा, तो अभिनेता ने उनका सपना पूरा करने का भरोसा दिया। बातचीत के दौरान सलमान ने उन्हें ‘एडोरेबल’ भी कहा।
पहले भी बिग बॉस कंटेस्टेंट्स को मिला है फिल्मों में मौका
बिग बॉस के कई पुराने कंटेस्टेंट्स सलमान खान के साथ फिल्मों में काम कर चुके हैं। इनमें शहनाज गिल का नाम प्रमुख है, जिन्होंने फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में सलमान के साथ काम किया था।
इसके अलावा सना खान ‘जय हो’, संतोष शुक्ला ‘जय हो’ और ‘दबंग 2’, अरमान कोहली ‘प्रेम रतन धन पायो’ और नोरा फतेही फिल्म ‘भारत’ में सलमान के साथ नजर आ चुके हैं।
फिलहाल काजी के गाने और अरिश्फा के साथ काम करने को लेकर किसी फिल्म या प्रोजेक्ट की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि सलमान खान के ये वादे कब हकीकत बनते हैं।











