सोशल संवाद / जमशेदपुर : नेपाल की राजधानी काठमांडू में 22 नवंबर 2026 को आयोजित प्रथम अंतरराष्ट्रीय शॉर्ट बॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि में झारखंड के चार खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपने उत्कृष्ट खेल कौशल से राज्य और देश का गौरव बढ़ाया।
यह भी पढे : वैली व्यू स्कूल का 38वाँ वार्षिक खेलकूद समारोह 2026–27 हर्षोल्लास संपन्न
प्रतियोगिता में भारत के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, भूटान और मेजबान नेपाल की टीमों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम में कुल 12 खिलाड़ी शामिल थे। इनमें झारखंड के चार, मध्य प्रदेश के एक, राजस्थान के दो, महाराष्ट्र के दो तथा तेलंगाना के तीन खिलाड़ी शामिल थे। भारतीय टीम ने प्रत्येक प्रतिद्वंद्वी देश के विरुद्ध दो-दो मुकाबले खेले और शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
झारखंड से भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले चार खिलाड़ियों में स्पंदन बेहरा (टेल्को कॉलोनी), हुजैफा नबील (बारीनगर), मुकुल माधव (छोटा गोविंदपुर) और अभिनव भगत (बिरसानगर) शामिल थे। इन खिलाड़ियों में हुजैफा नबील झारखंड शॉर्ट बॉल टीम के कप्तान हैं, जबकि स्पंदन बेहरा उपकप्तान की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। मुकुल माधव टीम के तकनीकी प्रमुख (टेक्निकल हेड) हैं। झारखंड शॉर्ट बॉल एसोसिएशन की टीम कोच अंजना सिंह हैं, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो स्पंदन बेहरा गुलमोहर हाई स्कूल में कक्षा 11वीं के छात्र हैं। हुजैफा नबील विद्या भारती चिन्मया विद्यालय, टेल्को में कक्षा 11वीं में अध्ययनरत हैं। अभिनव भगत एस.के. पब्लिक स्कूल में कक्षा 8वीं के छात्र हैं, जबकि मुकुल माधव विद्या भारती चिन्मया विद्यालय के पूर्व छात्र हैं।
भारतीय टीम की इस स्वर्णिम सफलता से झारखंड के खेल जगत में खुशी का माहौल है। विशेष रूप से टेल्को कॉलोनी, बारीनगर, छोटा गोविंदपुर और बिरसानगर के लोगों में अपने क्षेत्र के खिलाड़ियों की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि को लेकर उत्साह है।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम कल सुबह जमशेदपुर लौटेगी। खिलाड़ियों के आगमन को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। इन युवा खिलाड़ियों की उपलब्धि राज्य के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।











