सोशल संवाद/डेस्क: झारखंड में परिसीमन की नई प्रक्रिया लागू होती है तो राज्य का राजनीतिक नक्शा बदल सकता है। लोकसभा की मौजूदा 14 सीटें बढ़कर 21 और विधानसभा की 81 सीटें बढ़कर करीब 122 होने का अनुमान है। हालांकि, विधानसभा सीटों में बढ़ोतरी को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। इसके लिए संसद की मंजूरी और आगे की संवैधानिक प्रक्रिया जरूरी होगी।
यह भी पढे : जनजातीय घरेलू रसोइयों ने मुंबई में पेश किए आदिवासी खानपान के पारंपरिक स्वाद
लोकसभा की 7 और विधानसभा की करीब 41 सीटें बढ़ने का अनुमान
केंद्र सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की बात कही गई है। इस हिसाब से झारखंड में लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 हो सकती हैं। वहीं, विधानसभा की सीटें 81 से बढ़कर लगभग 121 या 122 होने का अनुमान है।
सीटें बढ़ने से राज्य के कई इलाकों में नए निर्वाचन क्षेत्र बन सकते हैं। कुछ मौजूदा विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं भी बदल सकती हैं। इससे कोल्हान, संथाल परगना, दक्षिणी छोटानागपुर और पलामू जैसे क्षेत्रों के राजनीतिक समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।
एसटी आरक्षित सीटों की संख्या पर रहेगी नजर
झारखंड में परिसीमन का सबसे अहम मुद्दा आदिवासी समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व है। फिलहाल राज्य विधानसभा की 81 सीटों में से 28 सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं। वहीं, लोकसभा की 14 सीटों में पांच सीटें एसटी आरक्षित हैं।
अगर कुल सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है, तो एसटी आरक्षित सीटों की संख्या कितनी होगी, यह बड़ा सवाल है। केवल कुल सीटें बढ़ने से आरक्षित सीटें उसी अनुपात में बढ़ना जरूरी नहीं है। इसका फैसला संबंधित क्षेत्रों की जनजातीय आबादी और परिसीमन के कानूनी प्रावधानों के आधार पर होगा।
2007 में एसटी सीटें घटाने के प्रस्ताव का हुआ था विरोध
झारखंड में परिसीमन को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। वर्ष 2007 में परिसीमन के दौरान विधानसभा की एसटी आरक्षित सीटों को 28 से घटाकर 22 करने का प्रस्ताव आया था। लोकसभा की एसटी आरक्षित सीटें भी पांच से घटाकर चार करने की बात कही गई थी।
इस प्रस्ताव का राज्य में विरोध हुआ था। इसके बाद झारखंड में परिसीमन लागू करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इसी वजह से इस बार भी आदिवासी संगठनों और राजनीतिक दलों की नजर आरक्षित सीटों के निर्धारण पर रहेगी।
हेमंत सोरेन ने बुलाई सांसदों और विधायकों की बैठक
परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर झारखंड में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को झामुमो के सांसदों और विधायकों की बैठक बुलाई है। इसमें परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों और झारखंड के हितों पर चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि परिसीमन के मामले में उनकी नजर बनी हुई है और झारखंड के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक के बाद झामुमो का आधिकारिक रुख स्पष्ट हो सकता है।
महिला आरक्षण से भी बदल सकता है राजनीतिक प्रतिनिधित्व
परिसीमन के साथ महिला आरक्षण का मुद्दा भी जुड़ा हुआ है। लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था लागू होने पर महिला प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ सकती है।
हालांकि, झारखंड में कितनी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी, यह परिसीमन और संबंधित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्रस्ताव को संसद की मंजूरी मिलना बाकी है।











