सोशल संवाद / रांची : झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ने से लोगों को ठिठुरन महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के लातेहार और गुमला में न्यूनतम तापमान गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, राजधानी रांची में सुबह मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। इस दौरान बारिश के कोई आसार नहीं हैं।
यह भी पढे : Jharkhand Delimitation: झारखंड में 21 लोकसभा और 122 विधानसभा सीटें होने का अनुमान, ST आरक्षण बड़ी चुनौती
लातेहार में सबसे कम तापमान दर्ज
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 27 नवंबर को लातेहार में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री रहा। जिला आधारित पूर्वानुमान के अनुसार, 28 नवंबर को लातेहार और गुमला में पारा 7 डिग्री तक गिर सकता है। लोहरदगा में 8 डिग्री और रामगढ़ में 9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है।
इसके अलावा रांची, खूंटी, हजारीबाग, पलामू, गढ़वा, चतरा और कोडरमा में न्यूनतम तापमान 10 से 11 डिग्री के बीच रह सकता है। जमशेदपुर में 14 डिग्री और धनबाद में 13 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहने का अनुमान है।
रांची में सुबह कोहरा, दिन में निकलेगी धूप
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह राजधानी रांची में मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने की संभावना है। रांची में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 29 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और 30 नवंबर को 12 डिग्री तक पहुंच सकता है।
पांच दिनों तक बारिश की संभावना नहीं
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 28 नवंबर से अगले पांच दिनों तक झारखंड में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान किसी भी जिले में बारिश या आंधी की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी जिले के लिए विशेष चेतावनी भी जारी नहीं की है।
हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड का असर बना रहेगा। खासकर लातेहार, गुमला और आसपास के इलाकों में लोगों को अधिक ठंड महसूस हो सकती है। ऐसे में सुबह और शाम घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।











