सोशल संवाद / रांची : झारखंड में 28 नवंबर को प्रस्तावित राज्यव्यापी बंद का आह्वान आदिवासी संगठनों ने वापस ले लिया है। हालांकि, संगठनों ने अपना विरोध जारी रखने का फैसला किया है। अब 28 नवंबर को राज्यभर में काला दिवस मनाया जा रहा है। इसके तहत आदिवासी समुदाय के लोग काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। कई स्थानों पर पुतला दहन भी किया जाएगा।
यह भी पढे : Jharkhand Weather: झारखंड में बढ़ी ठंड, लातेहार-गुमला में 7 डिग्री पहुंचेगा तापमान
आदिवासी संगठनों ने यह फैसला रांची के ऑक्सीजन पार्क में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में लिया। संगठनों के प्रतिनिधियों का कहना है कि पुलिस द्वारा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की खबरों के बाद बंद वापस लेने का निर्णय किया गया है। अब अलग-अलग क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।
स्थापना दिवस की तारीख बदलने का विरोध
आदिवासी संगठनों की नाराजगी झारखंड स्थापना दिवस के मुख्य समारोह की तारीख बदलने को लेकर है। उनका कहना है कि झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर हुआ था। ऐसे में स्थापना दिवस का मुख्य समारोह 15 नवंबर के बजाय 28 नवंबर को आयोजित करना राज्य के इतिहास और आंदोलनकारियों के बलिदान का सम्मान नहीं है।
संगठनों ने 15 नवंबर के ऐतिहासिक महत्व को बनाए रखने और झारखंड की पहचान से जुड़े फैसलों पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
काला दिवस पर काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध
आदिवासी बचाओ युवा मोर्चा, आदिवासी छात्र संघ, आदिवासी मूलवासी मंच और राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा समेत कई संगठनों ने काला दिवस मनाने का निर्णय लिया है। संगठन के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे। कुछ स्थानों पर पुतला दहन का भी कार्यक्रम रखा गया है।
रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 2000 पुलिसकर्मी तैनात
काला दिवस और रांची के खेलगांव में आयोजित सरकारी स्थापना दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शहर में करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 15 डीएसपी भी शामिल हैं।
संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और समारोह स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। एसएसपी सकेश रंजन सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।











